कलेक्टर निवास के सामने डंपर ने कार को मारी टक्कर:समझाइश देने आई महिला अधिकारी से ड्राइवर बोला- हट जाओ, नहीं तो उड़ा दूंगा

Jun 19, 2026 - 21:49
 0  0
कलेक्टर निवास के सामने डंपर ने कार को मारी टक्कर:समझाइश देने आई महिला अधिकारी से ड्राइवर बोला- हट जाओ, नहीं तो उड़ा दूंगा
बड़वानी में कलेक्टर निवास के पास पुलिस पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। घटना के बाद डंपर चालक ने जल संसाधन विभाग की एक महिला अधिकारी के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिना नंबर के डंपर ने पीछे से मारी टक्कर फरियादी भगतसिंह रावत अपनी भतीजी भाग्यश्री और बहन ललिता रावत के साथ कार (MP-13-ZS-9774) से अंजड़ रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान करीब 6 बजे पीछे से आए एक बिना नंबर प्लेट और बिना साइड ग्लास वाले डंपर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। महिला अधिकारी नेहा शर्मा को दी धमकी हादसे की जानकारी मिलने पर जल संसाधन विभाग का स्टाफ मौके पर पहुंचा। जब विभाग की अधिकारी नेहा शर्मा ने नशे में धुत चालक को समझाने का प्रयास किया, तो उसने अभद्रता शुरू कर दी। चालक ने अधिकारी को धमकी देते हुए कहा, "सामने से हट जाओ, नहीं तो मैं सबको उड़ाते हुए निकल जाऊंगा।" डंपर मालिक सतीश गुर्जर पर चालक को भगाने का आरोप फरियादी के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर डंपर मालिक सतीश गुर्जर मौके पर पहुंचा और उसने चालक को वहां से फरार करा दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि डंपर के अंदर से शराब की खाली बोतल बाहर फेंकी गई थी। बड़वानी थाना पुलिस ने भगतसिंह रावत की शिकायत पर डंपर चालक और मालिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई कमल मोरे को सौंपी गई है। टीआई बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई बड़वानी थाना प्रभारी (टीआई) बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0