सिंगरौली में तेज हवा से साथ गिरा पानी:अगले तीन से चार दिनों तक जिले में हल्की बारिश का अलर्ट

Jun 16, 2026 - 21:02
 0  0
सिंगरौली में तेज हवा से साथ गिरा पानी:अगले तीन से चार दिनों तक जिले में हल्की बारिश का अलर्ट
सिंगरौली जिले में मंगलवार शाम को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। दिनभर की उमस और भारी तपन के बाद शाम ढलते ही तेज हवा चलने लगी। करीब 15 मिनट तक चली इन धूल भरी हवा के बाद जिले के अलग-अलग इलाकों में लगभग 20 मिनट तक अच्छी बारिश हुई। बैढ़न, विंध्यनगर, जयंत, देवसर और चितरंगी सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में हुई इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पिछले एक हफ्ते से सिंगरौली में अधिकतम तापमान लगातार 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, जिससे लोग बेहाल थे। सोमवार को ही अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जून के शुरुआती पखवाड़े में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहने के कारण लोग तीखी धूप और लू जैसे थपेड़ों से परेशान थे। प्री-मानसून की दस्तक, आगे भी पानी गिरने के आसार मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है। मध्य भारत में एक्टिव मौसमी सिस्टम और स्थानीय वातावरण में नमी बढ़ने की वजह से तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश के हालात बने हैं। देश के मध्य हिस्सों में आने वाले दिनों में भी गरज-चमक के साथ पानी गिरने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन से चार दिनों तक सिंगरौली जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। इस बदलाव से किसानों और आम जनता को आने वाले दिनों में गर्मी से और ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0