चंदन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार:कटनी-मंडला के आरोपी, 3 महिलाएं शामिल; रुद्राक्ष माला बेचने के बहाने करते थे रेकी

Jun 2, 2026 - 09:41
 0  0
चंदन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार:कटनी-मंडला के आरोपी, 3 महिलाएं शामिल; रुद्राक्ष माला बेचने के बहाने करते थे रेकी
सतना जिले की नागौद थाना पुलिस ने चंदन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपये कीमत की चोरी की चंदन की लकड़ी, एक बाइक और आरी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में कटनी जिले के कुठला थाना अंतर्गत ग्राम पटेहरा निवासी ईजुब पारदी (20 वर्ष), राजू पारदी (23 वर्ष), मकौआ (19 वर्ष) और अक्सेना उर्फ गुलगुली (22 वर्ष) शामिल हैं। इनके अलावा, मंडला जिले के बीजा डांडी थाना अंतर्गत देवरी निवासी डई पारदी (30 वर्ष) और एक नाबालिग भी पकड़ा गया है। सभी आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जब्त की गई बाइक का नंबर 21 जेडई 7038 है। थाना प्रभारी अशोक पांडेय ने बताया कि यह गिरोह दिन में रुद्राक्ष की माला बेचने के बहाने चंदन के पेड़ों की रेकी करता था। रात में मौका पाकर ये चंदन के पेड़ काटकर चोरी को अंजाम देते थे। आरोपियों ने मई माह में पांच दिन के अंतराल में कचलोहा गांव में चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया था। 24 मई की रात फरियादी जयादित्य सिंह परिहार के घर की बाड़ी से चंदन के दो पेड़ काटे गए थे। इसके बाद 29 मई की रात फरियादी ज्ञानेन्द्र सिंह परिहार के घर की बाड़ी से भी चंदन के दो पेड़ चोरी कर लिए गए थे। कचलोहा में चंदन चोरी की वारदातों के बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरा गांव के बाहर पारदी समुदाय के कुछ लोग डेरा डाले हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने खैरा स्थित डेरे पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0