सिटी पैलेस में राजस्थान रॉयल्स टीम का रॉयल डिनर:रियान पराग समेत कई खिलाड़ी हुए शामिल; बस में बैठने से पहले छोटी बच्ची से मिले वैभव सूर्यवंशी
आईपीएल के रोमांच के बीच सोमवार रात राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ियों ने जयपुर के सिटी पैलेस में शाही अंदाज में आयोजित रॉयल डिनर का आनंद लिया। पूर्व राजपरिवार की ओर से आयोजित इस खास डिनर में टीम के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी, तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, स्पिनर रवि बिश्नोई, कप्तान रियान पराग सहित टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी और टीम मैनेजमेंट के सदस्य शामिल हुए। टीम के लिए डिनर का आयोजन सिटी पैलेस के ‘सर्वतो’ रेस्टोरेंट में किया गया। राजस्थान रॉयल्स की टीम दो बसों के जरिए सिटी पैलेस पहुंची। खिलाड़ियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस और पर्यटक बसों के आसपास जमा हो गए। जैसे ही युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी बस के पास जाने के लिए पहुंचे, फैंस ने जोरदार उत्साह के साथ उनका नाम पुकारना शुरू कर दिया। इस दौरान एक छोटे बच्ची को देखकर वैभव खुद उसके पास पहुंचे और उससे हाथ मिलाया। राजसी अंदाज में हुआ स्वागत विदेश से लौटकर आए सवाई पद्मनाभ सिंह और गौरवी कुमारी ने राजस्थान रॉयल्स टीम का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। इस दौरान राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी भी सिटी पैलेस में मौजूद रहीं। खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से राजस्थानी व्यंजनों के साथ मल्टीकुजीन डिनर की व्यवस्था की गई थी। खिलाड़ियों ने दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्जी और पारंपरिक मिठाइयों से लेकर अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों तक का स्वाद लिया। सिटी पैलेस की भव्य सजावट, शाही आतिथ्य और ऐतिहासिक माहौल ने सभी खिलाड़ियों को खासा प्रभावित किया। सिटी पैलेस की खूबसूरती ने जीता दिल डिनर के दौरान खिलाड़ियों ने सिटी पैलेस के कुछ ऐतिहासिक हिस्सों का भी भ्रमण किया। राजस्थानी कला, स्थापत्य और शाही विरासत को करीब से देखकर विदेशी खिलाड़ी भी काफी उत्साहित नजर आए। कई खिलाड़ियों ने इस अनुभव को यादगार बताया। टीम के खिलाड़ियों और मैनेजमेंट सदस्यों ने सिटी पैलेस की शाही मेहमाननवाजी की सराहना की। इस दौरान पूरा माहौल बेहद उत्साहपूर्ण और आत्मीय नजर आया। रविंद्र जडेजा नहीं हो सके शामिल हालांकि टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी रविंद्र जडेजा इस रॉयल डिनर का हिस्सा नहीं बन सके। वे सोमवार सुबह ही फ्लाइट से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए थे, हालांकि जडेजा देर रात जयपुर लौट आए। राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ियों के लिए आयोजित यह शाही डिनर जयपुर की संस्कृति, विरासत और आतिथ्य का शानदार उदाहरण बन गया। बता दें कि सिटी पैलेस में राजस्थान रॉयल्स की टीम का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। इस मौके पर खिलाड़ियों को राजस्थान की संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली। लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिनमें कालबेलिया डांस ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0