लखीमपुर की 3 तहसीलें IGRS में प्रदेश में अव्वल:मितौली, पलिया, निघासन ने मार्च महीने की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पाया

Apr 8, 2026 - 16:53
 0  0
लखीमपुर की 3 तहसीलें IGRS में प्रदेश में अव्वल:मितौली, पलिया, निघासन ने मार्च महीने की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पाया
लखीमपुर ने जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में एक बार फिर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले की मितौली, पलिया और निघासन तहसीलों ने मार्च माह की आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में संचालित शिकायत निस्तारण प्रणाली में खीरी का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। जनपद बीते सात माह से लखनऊ मंडल में लगातार प्रथम स्थान पर बना हुआ है, जबकि प्रदेश स्तर पर भी यह शीर्ष 10 जिलों में अपनी स्थिति बनाए हुए है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के मार्गदर्शन में जिले में शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया गया है। इसमें शिकायतों के समयबद्ध समाधान, मौके पर जांच और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम अब रैंकिंग में स्पष्ट दिख रहे हैं। तहसील स्तर पर बेहतर समन्वय देखने को मिला। मितौली में एसडीएम मधुसूदन गुप्ता, पलिया में एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार और निघासन में एसडीएम राजीव कुमार निगम के नेतृत्व में टीमों ने पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया। उल्लेखनीय है कि मितौली तहसील ने लगातार दूसरी बार प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस उपलब्धि को टीमवर्क और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी तहसीलों को इसी तरह कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मार्च माह की प्रदेश स्तरीय आईजीआरएस रैंकिंग में लखीमपुर खीरी ने 10वां स्थान प्राप्त किया और लखनऊ मंडल के सभी जिलों में अव्वल रहा। मंडल के अन्य जिलों में हरदोई 13वें, उन्नाव 32वें, सीतापुर 35वें, रायबरेली 61वें और लखनऊ 75वें स्थान पर रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0