एमपी में 2 लाख किशोरियों का हुआ एचपीवी टीकाकरण:सीएम ने कहा- बेटियों के सुरक्षित भविष्य की बड़ी पहल; तीन माह में 8 लाख लड़कियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य
मध्यप्रदेश में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 2 लाख से अधिक बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इस उपलब्धी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ जागरूक अभिभावकों की भूमिका की सराहना की। सरकार ने इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है, ताकि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे। प्रदेश अब तेजी से शत-प्रतिशत लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 2 लाख से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण मुक्ति और सुरक्षित मातृत्व पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभिभावकों और मैदानी अमले की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जागरूक अभिभावकों को दिया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि लोगों की सकारात्मक सोच और सहयोग से ही यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। एचपीवी टीकाकरण अभियान भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे को कम करेगा। सरकार बेटियों के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उप मुख्यमंत्री ने भी की सराहना
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संगठनों और अभिभावकों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को इस अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ किया था, जिसके बाद मध्यप्रदेश ने तेजी से प्रगति करते हुए देश में अग्रणी स्थान हासिल किया। अभियान में मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, राजगढ़ और खरगोन जिलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। डिंडोरी (74.70%), राजगढ़ (69.61%), बालाघाट (68.95%), मंडला (66.44%), खरगोन (55.06%) और खंडवा (53.15%) ने 50% से अधिक कवरेज हासिल किया है। जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की अपील
सरकार ने इस अभियान को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की अपील की है। कलेक्टरों की अध्यक्षता में जिला स्तर पर समन्वय स्थापित कर स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभागों को जोड़ा गया है। प्रदेश में अब तक 2,00,538 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। सरकार ने विश्वास जताया है कि शेष पात्र बालिकाओं का टीकाकरण भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। यह पहल “स्वस्थ मध्यप्रदेश, सशक्त मध्यप्रदेश” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0