अनूपपुर 5वीं बोर्ड में प्रदेश में चौथे स्थान पर:99.14% परिणाम, 8वीं में 6 से 11वें पायदान पर फिसला
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुधवार को कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए। इन परिणामों में अनूपपुर जिले ने कक्षा 5वीं में प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। जिले में कक्षा 5वीं के कुल 11110 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 11052 छात्र-छात्राएं सफल हुए। इस प्रकार, कक्षा 5वीं का कुल परीक्षा परिणाम 99.14 प्रतिशत रहा। इसी तरह, कक्षा 8वीं में कुल 9991 परीक्षार्थियों में से 9684 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे कक्षा 8वीं का कुल परीक्षा परिणाम 96.93 प्रतिशत दर्ज किया गया। हालांकि, इन परिणामों में जिले की रैंकिंग में गिरावट देखी गई है। कक्षा 5वीं में जिला एक पायदान नीचे खिसककर तीसरे से चौथे स्थान पर आ गया है। वहीं, कक्षा 8वीं के परिणामों में जिला प्रदेश स्तर पर 6वें से 11वें पायदान पर पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में जिले का 5वीं का परिणाम 98.61 प्रतिशत और 8वीं का परिणाम 96.77 प्रतिशत रहा था। उस समय 5वीं में जिला तीसरे और 8वीं में छठे स्थान पर था। इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। जिला शिक्षा समन्वयक आशुतोष कुशवाहा ने बताया कि यह विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। कलेक्टर अनूपपुर हर्षल पंचोली ने भी परीक्षा परिणामों की तैयारी को लेकर कई माह पूर्व से शिक्षा विभाग की बैठकें ली थीं और दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने स्वयं कक्षाओं में जाकर बच्चों से तैयारी संबंधी जानकारी ली और उनसे सवाल-जवाब भी किए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0