धौलपुर में मौसम बदला, बारिश के साथ ओले गिरे:रबी की फसल पर संकट-किसान चिंतित, 25% तक नुकसान की आशंका
धौलपुर में गुरुवार देर रात से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान विभाग के अलर्ट के बाद रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस समय रबी की फसलें पकाव की स्थिति में हैं, जिससे उन पर संकट गहरा गया है। गुरुवार शाम से ही मौसम में उथल-पुथल देखी जा रही थी। देर रात हल्की बूंदाबांदी के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया। रुक-रुक कर हुई बारिश के साथ कुछ स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे सरसों, गेहूं, चना, मटर और नकदी फसल आलू को नुकसान की आशंका है। सरसों, गेहूं, चना, मटर की फसल को नुकसान
किसानों ने बताया कि यह समय सरसों, गेहूं, चना, मटर की कटाई और आलू की खुदाई का मुख्य समय है। बेमौसम हुई इस बारिश से सभी रबी फसलों में नुकसान हुआ है। किसानों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बारिश से लगभग 25 प्रतिशत फसल प्रभावित हुई है। इससे पहले, सर्दी के मौसम में अधिक कोहरे और पाले के कारण भी फसल को नुकसान हुआ था। रबी की कई फसलें रोग की चपेट में आ गई थीं, जिससे सरसों और आलू के उत्पादन में भारी गिरावट देखी गई थी। किसानों का कहना है कि खेती लगातार घाटे का सौदा साबित हो रही है। बारिश के सीजन में खरीफ की सभी फसलों में भी जिले में भारी नुकसान हुआ था। किसानों को रबी की फसल से उम्मीदें थीं, लेकिन फसल के अंतिम पड़ाव पर बदले मौसम ने उन्हें निराश किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0