रतलाम के इंडियन ओवरसीज बैंक में लगी आग:धुआं उठने पर बजा सायरन; कंप्यूटर समेत सारा सामान जला

Mar 13, 2026 - 10:39
 0  0
रतलाम के इंडियन ओवरसीज बैंक में लगी आग:धुआं उठने पर बजा सायरन; कंप्यूटर समेत सारा सामान जला
रतलाम के पैलेस रोड स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में शुक्रवार सुबह आग लग गई। बैंक से धुआं निकलते ही सायरन बजने लगा। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना बैंक अधिकारियों को दी। आग के कारण बैंक के अंदर रखे कम्प्यूटर, एसी और कई दस्तावेज जलकर राख हो गए। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सुबह धुआं निकलते देख लोगों ने दी सूचना जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7.15 बजे आसपास के लोगों ने बैंक के अंदर से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही अधिकारी और बैंक स्टाफ मौके पर पहुंचे। जब तक बैंक स्टाफ पहुंचा, तब तक धुआं और बढ़ चुका था। स्टाफ ने बैंक का शटर खोला तो देखा कि अंदर सामने की ओर बने एक केबिन से धुआं निकल रहा था। फायर ब्रिगेड पहुंचने तक बढ़ गई आग बैंक में आग लगने की सूचना सुबह करीब 7.50 बजे फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके बाद मौके पर दो फायर लॉरी पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान आग की लपटें बैंक के अंदर तेजी से फैलने लगीं। बैंक अधिकारियों के सामने ही अंदर रखा सामान जलने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। एक घंटे में आग पर पाया गया काबू फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास कर करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक बैंक के अंदर रखा काफी सामान जल चुका था। आग बुझाने के दौरान इस्तेमाल किए गए पानी से भी कई जरूरी दस्तावेज खराब हो गए। बिल्डिंग की ऊपर की मंजिल पर कोचिंग सेंटर जिस बिल्डिंग में यह बैंक संचालित हो रहा है, उसके निचले तल पर बैंक है, जबकि ऊपरी मंजिल पर एक कोचिंग सेंटर चलता है। सुबह का समय होने के कारण उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कम्प्यूटर, एसी और फर्नीचर को हुआ नुकसान आग की गर्मी के कारण बैंक मैनेजर के चैंबर में लगा एसी भी जल गया। इसके अलावा बैंक परिसर में रखे करीब 7 से 8 कम्प्यूटर भी आग की चपेट में आकर जल गए या पानी से खराब हो गए। बताया जा रहा है कि आग बैंक के लॉकर वाले केबिन के आगे की ओर स्थित एक केबिन में लगी थी। वहीं लॉकर का केस अंदर होने के कारण वह आग की चपेट में आने से बच गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका बैंक मैनेजर राजीव बोथरा ने बताया कि सुबह बैंक से धुआं निकलने और सायरन बजने की सूचना आसपास के लोगों ने दी थी। सूचना मिलते ही वे तुरंत बैंक पहुंचे। शटर खोलने पर सामने की ओर एक केबिन से धुआं निकल रहा था। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। देखते ही देखते आग बढ़ गई और आग की गर्मी के कारण कम्प्यूटर और एसी भी जल गए। कुछ दस्तावेज भी नुकसान में आए हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। बैंक को काफी नुकसान हुआ है, हालांकि अभी नुकसान का सही आकलन नहीं किया जा सका है। बैंक का लॉकर सुरक्षित है। बैंक में करीब 80 हजार अकाउंट बैंक मैनेजर के अनुसार बैंक में चालू (करंट) व सेविंग मिलाकर करीब 80 हजार अकाउंट है। ग्राहकों को भी जब बैंक में आग लगने की जानकारी मिली तो वह भी बैंक पहुंचे। लॉकर के बारे में भी बैंक अधिकारियों से पूछते रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0