खरगोन में कार-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत:23 वर्षीय शेयर कारोबारी की मौत; बुरी तरह पिचक गई कार, सरिए से जगह बनाकर निकाला

Mar 5, 2026 - 16:01
 0  0
खरगोन में कार-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत:23 वर्षीय शेयर कारोबारी की मौत; बुरी तरह पिचक गई कार, सरिए से जगह बनाकर निकाला
खरगोन में इंदौर रोड पर गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय शेयर कारोबारी विजय गोयल की मौत हो गई। उनकी कार की एक पिकअप वाहन से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि युवक कार में ही बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने सरिए की मदद से बाहर निकाला। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मेनगांव थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान खरगोन के माली मोहल्ला निवासी विजय गोयल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विजय बुधवार रात जिला अस्पताल में अपने एक दोस्त से मिलने गया था। दोस्त को छोड़ने के बाद गुरुवार सुबह वापस लौटते समय मेनगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत खरगोन और लोहारी के बीच यह हादसा हो गया। कार में फंसा युवक, सरिए से खिड़की तोड़कर निकाला बाहर कार और पिकअप की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद विजय कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद सरिए की मदद से कार के चेसिस और खिड़कियों में जगह बनाई और फंसे हुए युवक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार का इकलौता बेटा था विजय, पुलिस कर रही जांच बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय विजय गोयल अपने परिवार का इकलौता बेटा था और शेयर मार्केट व ट्रेडिंग का काम करता था। इस दुखद घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार दोपहर 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मेनगांव थाना पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0