बिहार राजस्व सेवा संघ का बड़ा ऐलान:कैबिनेट निर्णय के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी; कहा- 2 फरवरी से कामकाज ठप करेंगे
बिहार राजस्व सेवा संघ ने संवर्ग के पदोन्नति मार्ग में बदलाव और कैबिनेट के निर्णयों के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। संघ की दरभंगा जिला इकाई ने स्पष्ट किया है कि अगर मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए निर्णय संख्या 23 और 30 को वापस नहीं लिया गया, तो 2 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। कामकाज ठप कर देंगे। संघ का आरोप है कि 29 जनवरी को हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों से बिहार राजस्व सेवा के पदोन्नति ढांचे में मूलभूत परिवर्तन किया गया है। कैबिनेट निर्णय संख्या 23 के तहत बिहार राजस्व सेवा नियमावली, 2010 में प्रयुक्त पदनाम 'भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR)' को बदलकर 'अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी' कर दिया गया है। निर्णय संख्या-30 के तहत सामान्य प्रशासन विभाग के अधीन बिहार प्रशासनिक सेवा संवर्ग के लिए 101 पदों का स्थायी सृजन किया गया है। संघ का कहना है कि ये निर्णय न केवल बिहार राजस्व सेवा नियमावली, 2010 की मूल भावना के खिलाफ है, बल्कि पटना उच्च न्यायालय के आदेशों और लंबित मामलों की भावना का भी उल्लंघन करते हैं। संघ ने दावा किया है कि भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी (DLAO) जैसे तकनीकी पदों पर अन्य सेवाओं के अधिकारियों की तैनाती हाईकोर्ट के आदेशों के खिलाफ है। सरकार ने कोर्ट के निर्देशों से बचने के लिए पदनाम परिवर्तन और नए पदों के सृजन का रास्ता अपनाया है। अनिश्चितकालीन हड़ताल से पीछे नहीं हटेंगे बिहार राजस्व सेवा संघ का कहना है कि जिस पदोन्नति मार्ग और सेवा शर्तों के आधार पर अधिकारियों ने सेवा ज्वॉइन की थी, उसे एक तरफा बदल दिया गया है। इससे संवर्गीय अस्तित्व और अधिकारियों के भविष्य पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। वर्षों की सेवा और तकनीकी दक्षता के बावजूद राजस्व सेवा अधिकारियों के प्रमोशन अवसर सीमित कर दिए गए हैं, जो संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 की भावना के खिलाफ है। जब तक कैबिनेट के निर्णय वापस नहीं लिए जाते, तब तक राजस्व सेवा संघ किसी भी स्थिति में अनिश्चितकालीन हड़ताल से पीछे नहीं हटेगा। काम-काज प्रभावित होने की आशंका राजस्व सेवा अधिकारियों की हड़ताल से दाखिल-खारिज, भूमि विवाद निपटान, भू-अर्जन, म्यूटेशन, जमाबंदी और अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0