संभल में विशेषरोल प्रेक्षक ने SIR को लेकर बैठक:मतदाता सूची पुनरीक्षण पर राजनीतिक दलों को फॉर्म 6 भरने के निर्देश
संभल के जिला कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जनपद संभल के लिए नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज (आईएएस), संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली ने बैठक की अध्यक्षता की। विशेष रोल प्रेक्षक ने बताया कि बैठक का उद्देश्य जनपद में एसआईआर के तहत हुए कार्यों और उनके परिणामों पर प्रतिक्रिया प्राप्त करना था। उन्होंने उल्लेख किया कि यह विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण वर्ष 2003 के बाद हो रहा है, और जनपद की टीम ने इसमें सराहनीय कार्य किया है। प्रेक्षक ने एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियों को लेकर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव मांगे। उन्होंने एएसडी सूची (अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत मतदाता) और प्रोजेनी (वंशज) पर भी चर्चा की, तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सक्रियता के संबंध में भी जानकारी ली गई। बैठक में जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार मतदान स्थलों और मतदान केंद्रों के विवरण (विभाजन से पहले और बाद) पर भी चर्चा हुई, जिसके बाद आवश्यक निर्देश जारी किए गए। फॉर्म 6 के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रदीप वर्मा ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बीएलए द्वारा फॉर्म 6 भरने का अनुरोध किया।
विशेष रोल प्रेक्षक ने अपर जिलाधिकारी को बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। दावे एवं आपत्तियों से संबंधित नोटिसों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परिवार रजिस्टर के विषय में भी जानकारी प्राप्त की गई। बैठक के दौरान, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जनपद में एसआईआर के तहत किए गए कार्यों की सराहना की। सभी राजनैतिक दलों को पुनरीक्षण अभियान में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों से संबंधित सूची, फॉर्म 9, 10, 11, 11ए और 11बी की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने आश्वासन दिया कि विशेष रोल प्रेक्षक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा। बैठक में चंदौसी गुन्नौर संभल एसडीएम, बीजेपी जिलाध्यक्ष चौधरी नरेंद्र सिंह रिंकू, सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0