मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के धार दौरे की तैयारियां तेज:कलेक्टर-एसपी ने हेलीपेड और कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

Dec 20, 2025 - 21:06
 0  0
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के धार दौरे की तैयारियां तेज:कलेक्टर-एसपी ने हेलीपेड और कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धार दौरा 23 दिसंबर को प्रस्तावित है। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी ने पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के साथ हेलीपेड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस परिसर में प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, वीआईपी बैठक एवं पार्किंग, तथा विभागीय स्टॉल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के लिए जिन अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं, वे अपने कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर नोडल अधिकारी को नियमित रूप से अवगत कराएं। निरीक्षण के दौरान, प्रभारी कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल एवं प्रदर्शनी स्थल का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधारों तथा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसका उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर संजीव केशव पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और धार मेडिकल कॉलेज से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0