रायपुर में डीजल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया:किराए की स्कॉर्पियो से करते थे रेकी, स्टील पाइप से टैंक की जाली तोड़ते, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर जिले के खरोरा थाना पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले एक गिरोह को पकड़ा है। यह गिरोह छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में डीजल चोरी की वारदात करते थे। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 315 लीटर डीजल, रॉड, स्टील और प्लास्टिक पाइप के साथ एक स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की गई है। आरोपी इतने शातिर थे कि किराए की स्कॉर्पियो गाड़ी से वह ट्रकों और ड्राइवर की रेकी करते थे। फिर मौका मिलते ही स्टील पाइप से टंकी के भीतर की जाली तोड़कर डीजल चोरी करते थे। 3 दिसंबर की रात ट्रक ड्राइवर पवन यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रायगढ़ से रायपुर आते समय मांठ गांव के पास दशमेश ढाबा के पास ट्रक खड़ाकर आराम कर रहा था। सुबह उठने पर उसने देखा कि ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन तोड़कर लगभग 200 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद CCTV फुटेज के आधार पर पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। तीन आरोपी गिरफ्तार, सालों से कर रहे थे डीजल चोरी गिरफ्तार आरोपियों में रामगोपाल आदिले (40 वर्ष, जिला जांजगीर-चांपा), राहुल बर्मन (30 वर्ष, जिला बिलासपुर) और अशोक कुमार शाह (24 वर्ष, जिला बिलासपुर) शामिल हैं। आरोपियों ने कबूल किया कि वे पिछले 5-6 सालों से बिलासपुर, कबीरधाम और अन्य जिलों में ट्रकों से डीजल चोरी करते आ रहे हैं। चोरी का डीजल वे विरेन्द्र श्रीवास नामक व्यक्ति को बेचते थे, जो उन्हें चोरी के लिए जेरीकेन, पाइप और अन्य समान उपलब्ध कराता था। रेकी के लिए आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो का उपयोग करते थे। 8.31 लाख की सामग्री जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 लीटर डीजल, 5 खाली जेरीकेन, लोहे की रॉड, स्टील और प्लास्टिक पाइप और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। कुल जब्ती की कीमत करीब 8.31 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना खरोरा में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0