अशोकनगर में आईजी ने ली पुलिस अधिकारियों की बैठक:साल के अंत तक लंबित अपराधों के निराकरण के निर्देश, गश्त और जनसहयोग पर जोर
ग्वालियर आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने गुरुवार को अशोकनगर में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। यह बैठक लंबित अपराधों के जल्द निराकरण के संबंध में आयोजित की गई थी। देर शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईजी ने बताया कि साल के अंत तक के सभी लंबित मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने जिले में पुलिस गतिविधियों, अपराधों की स्थिति और नियंत्रण संबंधी कार्रवाइयों की संक्षिप्त प्रस्तुति दी। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक ने विभिन्न थानों में दर्ज गंभीर अपराधों, संपत्ति संबंधी अपराधों, महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े मामलों, साइबर अपराधों, मादक पदार्थों की तस्करी, तथा आयुध एवं जुआ अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। आईजी सक्सेना ने थाना प्रभारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए अपने क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों, निगरानी बदमाशों और गुंडों की सतत निगरानी तथा नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने माइक्रो बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने, स्थानीय जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि अपराध नियंत्रण में जनसहयोग मिल सके। बैठक में अपराधों के शीघ्र निराकरण, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण, मद्य निषेध और मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, तथा जनसुनवाई एवं जनसेवा कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त करने, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को प्राथमिकता देने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यमान उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने पुलिस महानिरीक्षक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन से जिले की पुलिस व्यवस्था को और सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। मिश्रा ने सभी थाना प्रभारियों को आईजी द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने, अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0