स्पंज-आयरन फैक्ट्री में 30 फीट से गिरा ऑपरेटर, मौत:काम करते वक्त हुआ हादसा, परिजनों का अस्पताल में हंगामा, कहा-मुआवजा बिना नहीं ले जाएंगे शव
बिलासपुर के मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में काम करते समय क्रेन ऑपरेटर 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। ऑपरेटर की मौत के बाद परिजनों ने सिम्स में जमकर हंगामा मचाया। परिजनों प्रबंधन से मुआवजे की मांग की और इसके बगैर शव ले जाने से इनकार कर दिया। हालांकि, प्रबंधन ने मुआवजा राशि देने का भरोसा दिलाया है। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम भैंसबोड़ निवासी मिथिलेश यादव (25) बिल्हा क्षेत्र के दगौरी के मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में काम करता था। वो क्रेन ऑपरेटर था और पिछले पांच साल से काम कर रहा था। रोज की तरह मिथिलेश गुरुवार की सुबह काम करने फैक्ट्री पहुंचा था। इस दौरान करीब 30 फीट ऊंचाई पर वो काम कर रहा था। तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे वो नीचे गिर गया। इस हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना प्रबंधन को दी। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
फैक्ट्री प्रबंधन ने इस हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल ऑपरेटर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स भेजा गया। लेकिन, सिम्स पहुंचते तक उसकी मौत हो गई थी। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्हें बताया गया कि मिथिलेश को अस्पताल भेजा गया है, तब वो दौड़ते-भागते अस्पताल पहुंचे। परिजन ने मचाया हंगामा, शव ले जाने से किया इनकार
सिम्स में मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजन वहां हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण ऑपरेटर की मौत हुई है। उन्होंने पहले मुआवजा देने की मांग की और शव को बिना मुआवजा दिए लेने से मना कर दिया। इस दौरान फैक्ट्री प्रबंधन परिजनों को समझाने और मनाने की कोशिश करता रहा। बिल्हा पुलिस को खबर नहीं, टीआई बोले- कल जाएंगे जांच करने
बिल्हा क्षेत्र के स्पंज आयरन फैक्ट्री में हादसे को लेकर टीआई उमेश साहू ने कहा कि सिम्स अस्पताल से ऑपरेटर की मौत की जानकारी मिली है। लेकिन, पुलिस अभी जांच करने फैक्ट्री नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पुलिस की टीम फैक्ट्री की जांच करने जाएगी। इसके बाद ही पता चलेगा कि हादसा कैसे हुआ। परिजन का आरोप- फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही से हादसा
मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं है। बिना सुरक्षा उपायों के कर्मचारियों को ऊंचाई पर काम करने के लिए भेजा जाता है, जिससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं।हर बार सुरक्षा पर सवाल उठाए जाने के बावजूद प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। परिजनों ने इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0