महाकाल लोक में फाउंटेन लेजर लाइट एंड साउंड की शुरुआत:उज्जैन-महाकाल की गौरव गाथा को जान सकेंगे भक्त; दिवाली पर मिली तीन सौगात

Oct 21, 2025 - 09:53
 0  0
महाकाल लोक में फाउंटेन लेजर लाइट एंड साउंड की शुरुआत:उज्जैन-महाकाल की गौरव गाथा को जान सकेंगे भक्त; दिवाली पर मिली तीन सौगात
दिवाली के अवसर पर महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को एक साथ तीन सौगातें मिली हैं। सोमवार से मंदिर परिसर में रुद्र सागर पर आधारित फाउंटेन और लेजर लाइट एंड साउंड शो की शुरुआत हुई है। इसके साथ ही श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के बैंड की प्रस्तुतियां और रागी (मिलेट) से बने लड्डू श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में मिलना शुरू हो गए हैं। दिवाली की छुट्टी और पर्व को देखते हुए एक सप्ताह तक महाकाल मंदिर में भारी भीड़ की संभावना है। ऐसे में देशभर से आने वाले श्रद्धालु इन नवाचारों का आनंद उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के मौके पर ‘श्री महाकालेश्वर बैंड’ और ‘श्री अन्न लड्डू प्रसादम’ का शुभारंभ किया। साथ ही महाकाल लोक परिसर स्थित रुद्र सागर पर वाटर स्क्रीन फाउंटेन आधारित लेजर शो का भी लोकार्पण किया गया। यह शो स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा 18 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इस 25 मिनट के शो में भगवान श्री महाकालेश्वर, मोक्षदायिनी शिप्रा नदी और अवंतिका नगरी (उज्जैन) की गौरवगाथा को भव्य अंदाज में दर्शाया गया है। श्री महाकालेश्वर बैंड की होगी प्रस्तुति मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘श्री महाकालेश्वर बैंड’ में कुल 21 कलाकारों का दल शामिल है, जो पारंपरिक और आध्यात्मिक वाद्ययंत्रों पर प्रस्तुति देगा। यह बैंड महाकाल मंदिर में आरती से पहले अपनी मनोहारी प्रस्तुतियां देगा। हालांकि, यह तय नहीं हो पाया है कि बैंड किस आरती के पहले नियमित प्रस्तुति देगा। श्रद्धालुओं को मिलेगा रागी लड्डू का प्रसाद महाकाल मंदिर समिति ने बेसन लड्डू के साथ अब रागी (मिलेट) से बने ‘श्री अन्न लड्डू प्रसादम’ की भी शुरुआत की है। इसके लिए महाकाल लोक परिसर में एक विशेष काउंटर लगाया गया है। यह पहल मिलेट वर्ष 2023-24 और पोषण को ध्यान में रखते हुए की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वास्थ्यवर्धक प्रसाद मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0