दिशा पाटनी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, परिवार सहमा:बरेली में दिशा पाटनी के घर गोलियों की गड़गड़ाहट, गोल्डी बराड़ गैंग ने जिम्मेदारी ली

Sep 13, 2025 - 10:53
 0  0
दिशा पाटनी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, परिवार सहमा:बरेली में दिशा पाटनी के घर गोलियों की गड़गड़ाहट, गोल्डी बराड़ गैंग ने जिम्मेदारी ली
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी का बरेली स्थित पैतृक घर शुक्रवार तड़के गोलियों की आवाज से गूंज उठा। बाइक से आए दो बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। उस वक्त घर में दिशा की बहन और पूर्व आर्मी अफसर खुशबू पाटनी, पिता रिटायर्ड डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी और मां पद्मा पाटनी मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनकर पूरा परिवार सहम गया। दिशा उस समय मुंबई में थीं। घर के बाहर से पुलिस ने दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। घटनास्थल पर फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग ने ली है। दोनों लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए काम करते हैं। फेसबुक पोस्ट में धमकी दी गई है कि यह तो सिर्फ ट्रेलर था, अगली बार किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा। एक्सक्लूसिव: पिता जगदीश पाटनी से बातचीत दैनिक भास्कर ऐप रिपोर्टर अनूप मिश्रा ने दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी से लंबी बातचीत की। उन्होंने घटना की पूरी कहानी और परिवार की स्थिति साझा की। प्रश्न- घटना उस वक्त हुई जब आप सो रहे थे। गोलियों की आवाज कैसी थी? कितने राउंड फायरिंग हुई? जगदीश पाटनी: देखिए, मैंने पहले भी कहा कि जब फायरिंग होती है तो कोई अनुमान नहीं लगा सकता कि कितने राउंड चले। यहां इस्तेमाल हुई पिस्टल स्थानीय नहीं थी। अगर हमारी पिस्टल होती तो एक बार ट्रिगर दबाने पर 3 राउंड निकलते, लेकिन इसमें तो एक बार दबाने पर 10-15 राउंड एक साथ निकल रहे थे। मैंने खुद अपनी आंखों से देखा कि जैसे वेल्डिंग की चिंगारियां निकलती हैं, वैसे ही गोलियों की लपटें सामने वाले घर तक चली गईं। प्रश्न- उस वक्त घर में कौन-कौन मौजूद था? जगदीश पाटनी: पूरा परिवार मौजूद था। मेरे घर में भतीजा, ताई और बाकी सभी लोग थे। करीब 5-6 लोग घर पर थे। प्रश्न- क्या पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट है? जगदीश पाटनी: पुलिस ने जिस तेजी से एक्शन लिया है, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। एसएसपी अनुराग आर्य, एडीजी रमित शर्मा और बाकी अफसर तुरंत पहुंचे। पुलिस ने हमें भरोसा दिलाया है कि वे हमारे साथ हैं। प्रश्न- गोल्डी बराड़ गैंग का नाम सामने आया है। क्या कहना चाहेंगे? जगदीश पाटनी: इस बारे में मैं अभी कुछ नहीं कह सकता। सोशल मीडिया पर जो पोस्ट आया है, वही सबके सामने है। प्रश्न- सोशल मीडिया पर संत प्रेमानंद जी का नाम जोड़ा गया है, इस पर क्या कहेंगे? जगदीश पाटनी: प्रेमानंद जी हमारे पूज्य संत हैं। हमारी पूरी आस्था सनातन धर्म में है। हम उन्हें आदर और सम्मान देते हैं। अगर किसी पोस्ट को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है तो वह हमारी बेटी की सोच नहीं है। अगर किसी को ठेस पहुंची है तो हम क्षमा चाहते हैं। हमारी इच्छा है कि कभी उनके दर्शन करने का मौका मिले। प्रश्न- सरकार से आपकी क्या मांग है? जगदीश पाटनी: सरकार से यही मांग है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। मैं खुद पुलिस परिवार से हूं, ऐसे मामले झेले हैं, लेकिन आम आदमी के लिए ये हालात सहना मुश्किल है। अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रश्न- जब फायरिंग हुई तो आप लोग जाग गए थे? जगदीश पाटनी: हां, उस वक्त हम सो रहे थे। घर के कुत्तों ने भौंककर हमें जगाया। जैसे ही मैं बाहर देखने आया, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। प्रश्न- क्या पहले भी किसी तरह की धमकी मिली थी? जगदीश पाटनी: नहीं, ऐसी कोई धमकी नहीं मिली थी। सोशल मीडिया पर छोटी-मोटी बातें और मैसेज आते रहते हैं, लेकिन हमने कभी गंभीरता से नहीं लिया था। इतना बड़ा हादसा होगा, इसकी उम्मीद नहीं थी। क्यों भड़के गैंग? खुशबू पाटनी के बयान से जुड़ा विवाद 30 जुलाई को दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने एक वीडियो जारी किया था। इसमें उन्होंने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव-इन रिलेशनशिप वाले बयान पर आपत्ति जताई थी। खुशबू ने कहा था— “ऐसे लोगों का तो मैं मुंह तोड़ दूंगी। अगर ये शख्स सामने होता तो मैं इसे समझा देती कि मुंह मारना क्या होता है। ऐसे लोगों को मंच मिलना ही नहीं चाहिए।“ खुशबू ने आगे कहा— “ये दुखद है कि समाज के नामर्द लोग ऐसे बद्जुबान कथावाचकों को फॉलो कर रहे हैं। लड़कियों के चरित्र पर उंगली उठाना किसी भी धर्म या संस्कृति का प्रतिनिधित्व नहीं हो सकता।“ गैंगस्टरों ने इसी बयान को बहाना बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और फायरिंग की जिम्मेदारी ली। गैंग की धमकी- फिल्म इंडस्ट्री को भी चेतावनी फेसबुक पर वायरल पोस्ट में लिखा गया- “आज खुशबू और दिशा पाटनी के घर फायरिंग करवाई है। ये सिर्फ ट्रेलर था। अगर किसी ने धर्म और संतों का अपमान किया तो जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।“ पोस्ट में फिल्म इंडस्ट्री को चेतावनी दी गई कि कोई भी हमारे धर्म और संतों का अपमान न करे। इसमें कई कुख्यात गैंगस्टरों और बदमाशों को टैग भी किया गया। पड़ोसियों की राय- कायराना हरकत घटना को लेकर पड़ोसी बेहद नाराज दिखे। उनका कहना है कि किसी महिला की बात को पूरे समाज से जोड़कर हमला करना गलत है। एक पड़ोसी इशरत ने कहा- “मैं प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य का सम्मान करता हूं, लेकिन फायरिंग का जवाब सही नहीं है। यह कायराना हरकत है।“ फायरिंग रात करीब 3:15 बजे हुई। दो बदमाश बाइक से आए और 2 राउंड फायर किए। परिवार पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। SSP बोले- परिवार की सुरक्षा के लिए 5 टीमें बनाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि फायरिंग शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे हुई। आसपास के सीसीटीवी खंगाले गए हैं। इसमें दो संदिग्ध हमलावर बाइक से जाते दिखे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमों का गठन किया गया है। SSP ने कहा कि गोल्डी बराड़ के नेटवर्क पर अलर्ट जारी कर दिया गया है और परिवार की सुरक्षा के लिए घर के बाहर पुलिस बल तैनात है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0