धमतरी में बारिश से घर ढहा:बुजुर्ग महिला बाल-बाल बची, पड़ोसी मकान भी क्षतिग्रस्त, 10 लोगों की जान खतरे में

Aug 28, 2025 - 16:31
 0  0
धमतरी में बारिश से घर ढहा:बुजुर्ग महिला बाल-बाल बची, पड़ोसी मकान भी क्षतिग्रस्त, 10 लोगों की जान खतरे में
छत्तीसगढ़ के धमतरी के सदर दक्षिण वार्ड में देर रात तेज बारिश के कारण एक घर ढह गया। घटना के समय घर में मौजूद बुजुर्ग महिला सुखबती यादव बाल-बाल बच गईं। वह बांस की मदद से मलबे से बाहर निकलीं। घटना उस वक्त हुई जब परिवार के अन्य सदस्य तीज कार्यक्रम के बाद पड़ोसी के घर में भोजन कर रहे थे। वार्ड में करीब डेढ़ फीट पानी भर गया था। खपरैल वाला घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। डेढ़ फीट चौड़ी दीवार भी नहीं बच पाई। घर के दोनों तरफ के पड़ोसी मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ये मकान भी किसी भी समय ढह सकते हैं। इन मकानों में रह रहे करीब 10 लोगों की जान खतरे में है। तीनों घर काफी जर्जर स्थिति में हैं। मकान के लिए आवेदन किया पीड़ित परिवारों ने कई बार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान के लिए आवेदन किया है। लेकिन अभी तक उन्हें आवास नहीं मिल पाया है। सुखबती यादव ने मांग की है कि उनके पास अब रहने के लिए कोई घर नहीं है, इसलिए उन्हें जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराया जाए। प्रधानमंत्री आवास के तहत किया चार बार बुजुर्ग महिला के बेटे शंकर यादव ने बताया कि उनके परिवार के 6 सदस्य कई साल से एक ही घर में रह रहे थे, जो अचानक बारिश में ढह गया। अब उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है। शंकर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार बार आवेदन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। वहीं देर रात मौके पर पहुंचे भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि शासन स्तर से जो मदद संभव होगी, वह की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0