सिम्स लेबर वार्ड में तड़पती रही महिला, डॉक्टर-नर्स गायब VIDEO:युवक ने बनाया वीडियो तो नर्स ने लगाया बदसलूकी का आरोप; गार्ड से करवाया डिलीट

Jun 18, 2025 - 12:25
 0  0
सिम्स लेबर वार्ड में तड़पती रही महिला, डॉक्टर-नर्स गायब VIDEO:युवक ने बनाया वीडियो तो नर्स ने लगाया बदसलूकी का आरोप; गार्ड से करवाया डिलीट
बिलासपुर संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स में लापरवाही और अव्यवस्था कम नहीं हो रही है। यहां देर रात लेबर वार्ड में डॉक्टर और नर्स गायब रहे। वहीं, महिला दर्द से तड़पती रही। इस अव्यवस्था के बीच युवक ने स्टाफ नर्स का सोते हुए वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। दूसरी तरफ स्टाफ नर्स ने वीडियो बनाने वाले युवक पर बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए सिटी कोतवाली थाने में शिकायत कर दी। वीडियो में ड्यूटी के बीच नर्स अपने कक्ष में आराम करती और मरीज युवक मरीजों से डॉक्टर और नर्स के आने की बात पूछते हुए नजर आ रहा है। बता दें कि एक दिन पहले भी सिम्स के डॉक्टर पर नवजात के इलाज में लापरवाही का आरोप लगा था। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने सिम्स में जमकर हंगामा मचाते हुए दोषी डॉक्टर के खिलाफ जांचकर कार्रवाई करने की मांग की थी। दरअसल, कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पोता निवासी सोमदेव रजक गर्भवती पत्नी यशोदा रजक को 12 जून की रात सिम्स में भर्ती कराया। रात करीब 2.30 बजे सोमदेव का बहनाई और दोस्त अस्पताल में मौजूद थे। इसी दौरान एक आया मरीज को व्हीलचेयर पर लेकर आई और मदद मांगी, जिस पर उन्होंने मदद की। महिला मरीज को लेकर जब लेबर वार्ड में पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। बहनोई रूपेश रजक नर्सिंग रूम के पास पहुंचे तो नर्स आकांक्षा दिवाकर भीतर से दरवाजा बंद कर सो रही थी। इसके बाद रूपेश ने वीडियो बनाना शुरू किया। इसके बाद वीडियो बनाते हुए वार्ड में पहुंचा। वो वीडियो में वार्ड की अव्यवस्था बताने लगा। 8-10 गार्ड लेकर आ गई नर्स, वीडियो को कराया डिलीट इसी दौरान नर्स ने 8-10 गार्ड को बुलवा कर ले आई। उसने युवक को धमकाते हुए वीडियो डिलीट करने कहा। इस पर युवक ने कुछ वीडियो डिलीट किया। लेकिन, चालाकी से एक वीडियो को अपने दो-तीन दोस्तों के वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर कर दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। नर्स ने दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाकर की शिकायत इधर, नर्स ने एमएस डॉ. लखन सिंह को पत्र लिखकर युवक के नशे में होने का आरोप लगाते हुए वीडियो बनाने और बदसलूकी का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले में युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। नर्स की शिकायत को सिम्स प्रबंधन ने पुलिस थाने भेज दिया है। वहीं, वीडियो बनाने वाले रूपेश रजक का कहना है कि वह शराब के नशे में नहीं था और न ही दुर्व्यवहार किया है। अपनी गलती छिपाने के लिए नर्स खुद गलत आरोप लगा रहीं हैं। एमएस बोले- रेस्ट रूम का वीडियो बनाना गलत सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह का कहना है कि युवक ने गलत तरीके से देर रात वीडियो बनाया है। युवक नशे में था, उसने नर्सिंग रूम में जाकर नर्सिंग स्टाफ का वीडियो बनाया। महिला के बार-बार मना करने पर भी वह नहीं रुका। नर्सिंग स्टाफ की शिकायत पर युवक के खिलाफ FIR दर्ज करने सिम्स प्रबंधन ने कोतवाली प्रभारी को पत्र लिखा है। टीआई ने कहा- जांच के बाद कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया कि इस संबंध आवेदन मिला है। वीडियो में युवक ने डॉक्टर और नर्स के मौजूद नहीं होने की जानकारी देते हुए नजर आ रहा है। इधर, सिम्स प्रबंधन ने युवक को नशे में बताते हुए महिला नर्स के साथ बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में जांच के बाद संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई करेगी। ........................... ये खबर भी पढ़ें... बिलासपुर में नवजात की मौत पर बवाल: सिम्स में जन्म के तत्काल बाद पिलाया लेक्टोजन और बिगड़ी हालत, परिजन बोले- डॉक्टर ने बरती लापरवाही बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में जन्म के कुछ देर बाद ही नवजात की मौत हो गई। जिसे लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0