लखनऊ में धनतेरस पर रात भर गुलजार रहे बाजार:2800 करोड़ का हुआ व्यापार , व्यापारियों के खिले चेहरे, ज्वेलरी - गाड़ियों के सेक्टर में सबसे अधिक व्यापार
लखनऊ में धनतेरस पर बाजार गुलजार रहे। आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर ऑटोमोबाइल शोरूम तक हर तरफ ग्राहकों की भीड़ नजर आई। राजधानी में धनतेरस के मौके पर करीब 2800 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। व्यापारियों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। धनतेरस को लेकर बाजारों में पहले से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। कई ग्राहकों ने गुरुवार को ही सामान पसंद कर एडवांस बुकिंग करा दी थी, ताकि त्योहार के दिन बिना इंतजार किए डिलीवरी मिल सके। शुक्रवार को दुकानों और शोरूम में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। ग्राहकों के उत्साह से दुकानदार भी खासे उत्साहित दिखाई दिए। चार पहिया वाहनों की 400 करोड़ की बिक्री उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी में करीब 80 करोड़ रुपये के दोपहिया वाहन और 400 करोड़ रुपये के चारपहिया वाहन बिके। ज्वेलरी सेक्टर में करीब 350 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों की भी अच्छी मांग रही। सराफा बाजार में हल्के वजन के गहने ग्राहकों की पहली पसंद बने रहे। वहीं बर्तन की दुकानों पर भी सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ लगी रही। इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, लैपटॉप, कपड़े, इलेक्ट्रिक लाइट, ड्राई फ्रूट, मिठाई, बेकरी उत्पाद, पूजा सामग्री, फर्नीचर, गिफ्ट आइटम और किचन वेयर की दुकानों पर भी अच्छी बिक्री हुई। व्यापारियों के चेहरे खिले संजय गुप्ता ने बताया कि राजधानी की विभिन्न बाजारों के व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर धनतेरस पर करीब 2800 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। पिछले वर्ष के मुकाबले 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि बाजार में रौनक लौटने का संकेत है। त्योहार पर ग्राहकों की अच्छी संख्या और खरीदारी के उत्साह से व्यापारियों के चेहरे खिले रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0