अब कभी छुट्‌टी ले सकेंगे अधिकारी कर्मचारी:एक हफ्ते पहले भारत पाक जंग की आशंका के चलते 13 विभागों में अवकाश पर लगी थी रोक

May 16, 2025 - 14:17
 0  0
अब कभी छुट्‌टी ले सकेंगे अधिकारी कर्मचारी:एक हफ्ते पहले भारत पाक जंग की आशंका के चलते 13 विभागों में अवकाश पर लगी थी रोक
प्रदेश के 13 विभागों के अधिकारी कर्मचारी अब अपनी सुविधा के मुताबिक कभी भी अवकाश ले सकेंगे। राज्य शासन ने एक हफ्ते पहले भारत पाकिस्तान जंग की आशंका के चलते इन विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाएं अनिवार्य मानते हुए अवकाश पर रोक लगा दी थी। सामान्य प्रशासन विभाग ने आज जारी आदेश में यह प्रतिबंध हटा दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार 9 मई को 13 विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी थी। भारत-पाक जंग की आशंका के मद्देनजर जारी आदेश में कहा गया था कि शासकीय सेवक अपने मुख्यालय पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। विषम परिस्थितियों में खुद या परिवार में विवाह की स्थिति या प्रसूति और संतान पालन, गंभीर बीमारी, दुर्घटना, स्वयं के परिवार में घटित अप्रत्याशित घटना आदि मामलों में जिला स्तर पर कलेक्टर और राज्य स्तर पर विभाग के सचिव द्वारा छुट्‌टी मंजूर कराने और अनुमति के बाद ही अवकाश लिए जा सकेंगे। इन विभागों के शासकीय सेवकों को अति आवश्यक स्थिति होने पर ही अवकाश दिए जाएंगे। इन विभागों में छुट्‌टी पर लगी थी रोक जिन विभागों के अवकाश पर रोक लगाई गई थी उसमें लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग, गृह विभाग, ऊर्जा विभाग, नगरीय विकास और आवास विभाग, पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग शामिल थे। इसके साथ ही खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, जल संसाधन विभाग, नर्मदा घाटी विकास विभाग, परिवहन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगाई गई थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0