गैस पाइपलाइन के लिए सड़कें खोदीं:पानी की लाइनें तोड़ीं... मरम्मत करना भूले
हर घर तक गैस कनेक्शन पहुंचाने के लिए मार्च 2026 से पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए एजेंसी एचसीजी ने शहर के कई जगहों पर सड़कें खोद दीं, लेकिन काम के बाद गड्ढों को भरना भूल गई। भनपुरी, कबीर नगर और देवेंद्र नगर में पेयजल पाइपलाइन भी टूट गई। कई जगह पाइपलाइन की मरम्मत तो कर दी गई, लेकिन सड़कों के गड्ढे अब भी लोगों को परेशान कर रहे हैं। जोन-2 ने बिना अनुमति सड़क खोदने और देवेंद्र नगर में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने पर एचसीजी पर 3.19 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। जबकि निगम ने जोन-8 और जोन-1 क्षेत्र में हुए नुकसान के लिए न तो कोई भी जुर्माना नहीं लगाया है। गैस पाइपलाइन विस्तार से पहले निगम मुख्यालय में आयुक्त ने जोन अधिकारियों और एजेंसी प्रतिनिधियों की बैठक ली थी। इसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि अनुमति और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही काम शुरू किया जाए। काम के दौरान हुए नुकसान को सुधारने के निर्देश भी थे। इसके बावजूद इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। एकता नगर में गर्मी में पानी मिल रहा था, बरसात में फ्लो बिगड़ा पं. जवाहरलाल नेहरू वार्ड में मई के अंतिम सप्ताह में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थीं। भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी हुई। निगम की टीम ने मरम्मत तो कर दी, लेकिन पहले जैसा वाटर फ्लो अब तक नहीं लौटा है। वार्ड पार्षद भगतराम हरवंश का कहना है कि यह निगम के इंजीनियरों और एजेंसी की लापरवाही है। गर्मी में एकता नगर के जिन 800 घरों में सही तरीके से पानी पहुंच रहा था, वहां अब बरसात में भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। शिकायत के बाद भी अधिकारी सुधार नहीं कर पाए। वार्ड में जगह-जगह गड्ढे भी हैं। ठेकेदार पर कार्रवाई होनी चाहिए। देवेंद्र नगर में पाइप सुधरा, सड़क के गड्ढे छोड़ दिए अगस्त के अंतिम सप्ताह में देवेंद्र नगर में बिना अनुमति गैस पाइपलाइन विस्तार का काम किया गया था। इस दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे देवेंद्र नगर और दुर्गा नगर में कई दिनों तक पानी की समस्या बनी रही। पानी की समस्या का समाधान तो कर दिया गया, लेकिन सड़कों के गड्ढे अब तक ठीक नहीं किए गए हैं। पूर्व पार्षद जसवीर सिंह ढिल्लों का कहना है कि बीच सड़क पर गड्ढों के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही है। धूल उड़ रही है और गड्ढे भी बड़े होते जा रहे हैं। भास्कर बात - मीनल चौबे, महापौर, रायपुर महापौर ने भी माना- ये अधिकारियों की लापरवाही है Q. शहर में बिना अनुमति गैस पाइपलाइन विस्तार कैसे हो रहा है?
- यह निगम अधिकारियों की लापरवाही है। उन्हें निगरानी रखनी चाहिए थी। लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। Q. गैस पाइपलाइन विस्तार के कारण सड़कें खोद दी गई हैं, मरम्मत नहीं हो रही?
- कहीं भी नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी एजेंसी की है। हम उसे ठीक करवाएंगे। Q. आगे किस तरह की कार्रवाई होगी?
- आगे किसी भी प्रकार का नुकसान होता है तो पहले उसकी क्षतिपूर्ति लेंगे। इसके बाद ही आगे काम की अनुमति देंगे। मशीन जब्त कर काम रोका जाए- नेता प्रतिपक्ष फाफाडीह मुख्य मार्ग पर गैस पाइपलाइन के लिए सड़क की खुदाई पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एचसीजी कंपनी दो महीने से बिना निगम की अनुमति काम कर रही है। खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति भी प्रभावित हुई। तिवारी ने मौके से निगम आयुक्त संबित मिश्रा को फोन कर काम रोकने, मशीन जब्त करने और खोदी गई सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल 3.19 लाख रुपए जुर्माना पर्याप्त नहीं है। पूरी क्षतिग्रस्त सड़क का आकलन कर कंपनी से राशि वसूली जाए। आकाश ने बताया कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते मौके से मशीन भी गायब हो गई है
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0