रीवा में नदियां उफान पर, कई गांवों का संपर्क प्रभावित:तराई क्षेत्र में बेलन और नैना नदी का जल स्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट
रीवा में लगातार बारिश के बाद त्योंथर क्षेत्र में टमस, बेलन और नैना नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। नदी-नालों में बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। स्थिति की जानकारी मिलते ही कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह अधिकारियों के साथ प्रभावित गांवों में पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली और राहत-बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। बेलन नदी का बढ़ा जलस्तर, 7 गांवों का आवागमन प्रभावित बेलन नदी का जलस्तर बढ़ने से डीह सहित सात गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है। डीह, कैथा, गंथा, बजरा, सोनौरी कटरा, बसहट और कठौली में फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है, लेकिन नदी का जलस्तर और बढ़ने पर इन गांवों में खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थिति बिगड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। नैना नदी के बढ़ते पानी से दो गांवों में जलभराव नैना नदी का जलस्तर बढ़ने से रेरूआ और गाड़रपुर्वा गांवों में जलभराव की स्थिति बनी है। वहीं नैना और गुरमा क्षेत्र में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होने लगा है। इससे पुल के ऊपर आया पानी भी नीचे उतर गया है। कलेक्टर और एसपी ने गाड़रपुर्वा, सोनौरी सहित अन्य गांवों का दौरा कर मौके की स्थिति देखी और अधिकारियों से राहत-बचाव की तैयारियों की जानकारी ली। नदी-नालों से दूर रहने की अपील कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने ग्रामीणों से नदी और नालों के पास नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गहरे पानी में जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों या राहत केंद्रों में चले जाएं। उन्होंने ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान नाव से नदी पार करना भी सुरक्षित नहीं है। ऐसे में किसी तरह का जोखिम न लें। प्रशासन ने राहत केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जलमग्न पुल-पुलियों पर आवागमन रोकने के निर्देश पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह ने पुलिस अधिकारियों को जलमग्न पुल और पुलियों पर आवागमन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जाए। होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमों को भी सतर्क रखा गया है। जरूरत पड़ने पर इन टीमों के माध्यम से तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया जाएगा। जलस्तर और बारिश पर लगातार नजर कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्रामीणों को बारिश और जलस्तर की स्थिति की लगातार जानकारी देने को कहा गया है। कलेक्टर ने कहा कि बारिश का जोर अब कम हुआ है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रख रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम त्योंथर राकेश चौरसिया, एसडीओपी मनस्वी शर्मा, तहसीलदार राजेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0