जमीन बंटवारे पर छोटे ने बड़े भाई पर किया हमला:सिर में चोट आने पर अस्पताल में भर्ती; बोला- पिता छोटे का ही साथ देते रहे

Aug 15, 2026 - 19:34
 0  0
जमीन बंटवारे पर छोटे ने बड़े भाई पर किया हमला:सिर में चोट आने पर अस्पताल में भर्ती; बोला- पिता छोटे का ही साथ देते रहे
शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र के धुवानी गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर छोटे भाई ने बड़े भाई पर लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में बड़े भाई के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। धुवानी गांव निवासी शिवशंकर प्रजापति ने बताया कि करीब 15 साल पहले दोनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था। उनके छोटे भाई काशीराम प्रजापति अब दोबारा जमीन का बंटवारा कराने की बात को लेकर आए दिन विवाद करते रहते हैं। शिवशंकर का आरोप है कि उनके पिता मुंशीराम प्रजापति भी इस विवाद में छोटे भाई का साथ देते हैं। शनिवार दोपहर को काशीराम जमीन के दोबारा बंटवारे को लेकर शिवशंकर के बेटे निखिल से गाली-गलौज कर रहा था। शिवशंकर ने बीच-बचाव कर काशीराम को वहां से भगा दिया। कुछ देर बाद जब शिवशंकर गगौरा की पुलिया से गुजर रहे थे, तभी काशीराम ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और लाठियों से हमला कर दिया। इस मारपीट में शिवशंकर के सिर में गंभीर चोटें आईं। शिवशंकर ने यह भी आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर काशीराम की पत्नी पहले दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है और उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देती रही है। घटना के बाद घायल शिवशंकर को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सुरवाया थाना पुलिस ने शिवशंकर की शिकायत पर काशीराम प्रजापति के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0