एसबीआई गोल्ड लोन आभूषण गबन का केस, चार आरोपी दोषमुक्त:कोर्ट ने कहा- चोरी के सबूत नहीं मिले, 7 साल पहले दर्ज हुई थी FIR

Aug 8, 2026 - 23:32
 0  0
एसबीआई गोल्ड लोन आभूषण गबन का केस, चार आरोपी दोषमुक्त:कोर्ट ने कहा- चोरी के सबूत नहीं मिले, 7 साल पहले दर्ज हुई थी FIR
श्योपुर में भारतीय स्टेट बैंक की स्टेशन रोड शाखा से गोल्ड लोन के 101 पैकेट जेवर गायब होने के चर्चित मामले में चार आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया है। शनिवार को तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश बबीता होरा शर्मा की अदालत ने नवीन गुप्ता, ज्योति गर्ग, शालिनी गुप्ता और रमेशचंद जादौन को धारा 411 के आरोपों से दोषमुक्त किया। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ लगे आरोपों को संदेह से परे साबित करने में नाकाम रहा। वहीं, मामले में आरोपी रहे बैंक कर्मचारी राजीव पालीवाल को कोर्ट रिकॉर्ड में मृत घोषित किया जा चुका है। तिजोरी की चाबी गुम होने से शुरू हुआ मामला तत्कालीन शाखा प्रबंधक विनोद कुमार लखनपाल ने कोर्ट को बताया कि कैश इंचार्ज राजीव पालीवाल ने 23 अप्रैल 2020 को तिजोरी की चाबी खोने की लिखित जानकारी दी थी। लॉकडाउन के कारण सेफ कंपनी के इंजीनियर 9 जून 2020 को ताला बदलने पहुंचे। ताला बदलने के बाद जब पैकेटों की गिनती की गई, तो शुरुआत में 90 से 100 पैकेट कम मिले। 10 जून को पूरी जांच में कुल 214 पैकेटों में से 101 पैकेट गायब पाए गए। इसके बाद 11 जून 2020 को कोतवाली पुलिस थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई थी। सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी पर उठे सवाल कोर्ट ने शाखा प्रबंधक की गवाही का जिक्र करते हुए बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। बैंक में सीसीटीवी लगे थे और हर तीन महीने में गोल्ड सेफ की जांच होनी थी, फिर भी इतने पैकेट गायब होने की भनक किसी को नहीं लगी। गवाही में सामने आया कि शाखा प्रबंधक ने आखिरी बार अगस्त 2019 में सेफ की जांच की थी। जब्त जेवर लौटाने और राजसात करने के आदेश अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ सबूत पेश करने में पूरी तरह असफल रहा है। कोर्ट ने आदेश दिया कि अपील की अवधि खत्म होने के बाद नवीन गुप्ता, शालिनी गुप्ता, ज्योति गर्ग और रमेशचंद जादौन से जब्त किए गए जेवर उन्हें वापस लौटा दिए जाएं। वहीं, मृतक आरोपी राजीव पालीवाल से जब्त आभूषणों पर किसी का दावा न होने पर उन्हें सरकार के पक्ष में राजसात (सरकारी खजाने में जमा) करने का हुक्म दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0