अनूपपुर जनसुनवाई: पति-पत्नी विवाद, स्कूल भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें:पत्नी ने उपहार लौटाने की मांग की; सरपंच ने स्कूल भूमि से अतिक्रमण हटाने को कहा
अनूपपुर जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में दो प्रमुख शिकायतें सामने आईं। इनमें एक महिला ने पति द्वारा साथ रखने से इनकार करने पर उपहार सामग्री वापस दिलाने की गुहार लगाई, वहीं एक सरपंच ने प्राथमिक स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाने की मांग की। पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत के खेतगांव से आई सोनिया सिंह धुर्वे ने बताया कि उनका विवाह 28 मई 2019 को ग्राम खेतगांव, थाना करनपठार निवासी निरंजन सिंह से हुआ था। विवाह के लगभग एक साल बाद उनके पति ने उन्हें साथ रखने से मना कर दिया। ग्राम पंचायत खेतगांव में समझौता बैठक भी हुई, जिसमें पति ने उन्हें रखने से इनकार कर दिया, जिसका पंचनामा भी बनाया गया। महिला का आरोप है कि पति और उसके परिजन शादी के समय दिए गए उपहार (दहेज) को नहीं लौटा रहे हैं, जिसमें बाइक और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। दूसरी ओर, पुष्पराजगढ़ के गोंदी से आए सरपंच और ग्रामीणों ने खसरा नंबर 171/1 रकबा 4 एकड़ 84 डिसमिल जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। इस भूमि पर प्राथमिक पाठशाला भवन बना हुआ है, जिसके आसपास कुछ लोगों ने पुनः कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में प्रशासन द्वारा यह अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन बाद में फिर से कब्जा जमा लिया गया। अतिक्रमण के कारण भवन निर्माण का कार्य रुका हुआ है। सरपंच ने आरोप लगाया कि अतिक्रमकारियों को मध्य प्रदेश शासन द्वारा 5 एकड़ का भूमिहीन पट्टा दिया गया था, जो अब बढ़कर 10-12 एकड़ तक अतिक्रमण के रूप में फैल गया है। ग्रामीणों द्वारा पिछले छह माह से लगातार अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरपंच ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय विधायक के नेतृत्व में आंदोलन किया जाएगा। जनसुनवाई में जमीन विवाद, खाद की आपूर्ति, बिजली आपूर्ति और न्यू जोन पावर प्रोजेक्ट से संबंधित अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0