शाजापुर में उधार न देने पर दुकानदार को पीटा:दुकान के बाहर बाइक तोड़ी, जान से मारने की धमकी दी; VIDEO आया सामने

Jun 16, 2026 - 21:02
 0  0
शाजापुर में उधार न देने पर दुकानदार को पीटा:दुकान के बाहर बाइक तोड़ी, जान से मारने की धमकी दी; VIDEO आया सामने
शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में उधार में सामान न देने पर एक खार-मंजन विक्रेता के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की वारदात सामने आई है। यह घटना बस स्टैंड पेट्रोल पंप के सामने स्थित एक दुकान के पास सोमवार देर रात हुई, जिसका वीडियो मंगलवार शाम सोशल मीडिया पर सामने आया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, गवली मोहल्ला के रहने वाले दीपक गवली ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। दीपक ने बताया कि सोमवार देर रात जब वह अपनी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा था, तभी शाजापुर का रहने वाला कल्ली वर्मा वहां आया और उधार में सामान मांगने लगा। दीपक ने जब उधार देने से मना किया, तो कल्ली देख लेने की धमकी देकर चला गया। इसके कुछ ही देर बाद वह मोटरसाइकिल से अपने दो अन्य साथियों को साथ लेकर वापस दुकान पर आ धमका। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी पीटा, दी धमकी शिकायत के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। उनमें से एक युवक के हाथ में लट्ठ (लाठी) था, जिससे उसने दुकान के बाहर खड़ी दीपक की मोटरसाइकिल में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान जब वहां मौजूद भूरा कुशवाह और महेश नाम के दो शख्स बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उन पर भी लट्ठ से हमला कर दिया, जिससे दोनों को चोटें आई हैं। जाते-जाते आरोपियों ने दीपक को चेतावनी दी कि अगर अगली बार उधार देने से मना किया, तो वे उसे जान से मार देंगे। पुलिस ने घटना के प्रत्यक्षदर्शी पीयूष गवली और बिलाल हुसैन के बयानों और फरियादी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0