छापामार कार्रवाई:रेतघाट पर रात दो बजे तक महिला विधायक ने दिया धरना, फिर भी नहीं पहुंचे खनिज अफसर

Jun 9, 2026 - 08:34
 0  0
छापामार कार्रवाई:रेतघाट पर रात दो बजे तक महिला विधायक ने दिया धरना, फिर भी नहीं पहुंचे खनिज अफसर
बीती रात एक बार फिर चारामा के हाराडुला में विधायक सावित्री मंडावी ने दबिश दी। कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को तलब करने फोन लगाया। कार्रवाई के लिए मौके पर आना तो दूर, विभाग के अधिकारियों ने फोन तक रिसीव करना उचित नहीं समझा। विभाग का रवैया देख विधायक मौके पर ही रात 2 बजे तक धरने पर बैठी रहीं। सूचना मिलने पर एसपी कांकेर ने सुरक्षा के लिए बल भेजा। उन्होंने फोन पर विधायक को कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही पकड़े गए वाहन को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद विधायक वहां से लौटी। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी को उनके विधानसभा क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन की लगातार शिकायत मिल रही है। इसे लेकर वे शासन-प्रशासन को भी अवगत करा चुकी हैं। वे कार्रवाई की मांग भी कर चुकी हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार खनिज विभाग इस पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। जिसके चलते महिला विधायक स्वयं समर्थकों के साथ रात में खदानों में जाकर अवैध उत्खनन पर रोक लगा रही हैं। हाराडुला खदान में बार-बार रात में चैन माउंटेन मशीन से अवैध उत्खनन की शिकायत मिलने लगी। विधायक 6 जून की रात को वहां दबिश देने पहुंचीं। इसकी भनक लगते ही सभी वाहन और चैन माउंटेन मशीन लेकर चालक फरार हो गए। दूसरे दिन 7 जून को अवैध उत्खनन करने वाला वाहन पकड़ा गया। विदित हो, इसके पूर्व 29 मई को विधायक सावित्री मंडावी को दुर्गूकोंदल क्षेत्र के मेरेगांव खदान में रात में 6 घंटे तक धरना देना पड़ा था। इसके बाद खनिज विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने 12 हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की। उन्होंने उसके खिलाफ प्रकरण तैयार किया था। 15 मई को सांसद कांकेर भोजराज नाग ने चारामा इलाके के करिहा, भिरौद, मचांदूर, भिलाई, भूईगांव, अरौद खदानों में दबिश दी थी। उन्होंने 17 चैन माउंटेन और 9 हाइवा पकड़कर कार्रवाई कराई थी। दबिश से तीन दिन पहले दिया पत्र विधायक सावित्री मंडावी ने 5 जून को जिला प्रशासन को पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में अवैध उत्खनन की शिकायत के बावजूद प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। क्षेत्रवासियों की शिकायत पर मुझे खदानों में जाकर देर रात तक कार्रवाई के लिए धरना देना पड़ रहा है। अवैध उत्खनन में शामिल बाहरी असामाजिक तत्व क्षेत्र का माहौल खराब कर रहे हैं। वर्तमान में हाराडुला और अन्य कई खदानों में रात में जारी अवैध उत्खनन रोकने मजबूरन मुझे वहां जाना पड़ेगा। भास्कर इनसाइट प्लानिंग के तहत जांच नाका के सीसी कैमरे भी बंद चारामा इलाके में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन पूरी प्लानिंग के साथ किया जा रहा है। यह विभाग को दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बाद जो तकनीकी रूप से चोरी के सबूत बन सकते हैं, उन्हें भी बंद कर दिया गया है। चारामा के जांच नाका में वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच के लिए सीसीटीवी लगाया गया है। यह सीसीटीवी महीनों से बंद पड़ा है। जानकारों के मुताबिक इसे प्लानिंग के तहत ही बंद कर दिया गया है। ताकि रेत की चोरी पकड़ी न जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0