पर्यावरण दिवस पर निगम परिषद की विशेष बैठक:ठोस अपशिष्ट नियम 2026 लागू करने; तालाब संरक्षण और ग्रीन बेल्ट विस्तार पर जोर

Jun 5, 2026 - 18:42
 0  0
पर्यावरण दिवस पर निगम परिषद की विशेष बैठक:ठोस अपशिष्ट नियम 2026 लागू करने; तालाब संरक्षण और ग्रीन बेल्ट विस्तार पर जोर
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिक निगम सिंगरौली की विशेष परिषद बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई। निगम मुख्यालय के परिषद सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता नगर निगम परिषद अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने की। इसमें सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, मेयर-इन-काउंसिल सदस्य खुर्शीद आलम, शत्रुघ्न लाल शाह, श्यामला, रुक्मणी देवी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान और सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। सिंगल-यूज प्लास्टिक के बहिष्कार के प्रति जागरूक बैठक में बताया गया कि नए नियमों के तहत शहर की कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अंतर्गत घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों में गीले, सूखे और हानिकारक कचरे का पृथक्करण अनिवार्य होगा। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। परिषद ने यह भी निर्णय लिया कि स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए प्रत्येक वार्ड में पार्षदों के नेतृत्व में स्वच्छता समितियों का गठन किया जाएगा। ये समितियां नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल-यूज प्लास्टिक के बहिष्कार के प्रति जागरूक करेंगी। शहर को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने पर जोर चर्चा के दौरान शहर के तालाबों और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा ऋतु से पहले प्रमुख नालों की सफाई, ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने, ग्रीन बेल्ट का विस्तार करने और कचरा प्रसंस्करण प्लांट की कार्यक्षमता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जोर दिया गया। बैठक के समापन पर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने कहा कि सिंगरौली को केवल ऊर्जाधानी ही नहीं, बल्कि एक स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल आदर्श शहर के रूप में स्थापित करना सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से शहर को कचरा-मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0