शादी के दिन बॉयफ्रेंड को वीडियो कॉल कर बुलाया:भाइयों ने पीट-पीटकर मार डाला, हादसा बताने बाइक समेत लाश जंगल में फेंकी; 5 गिरफ्तार
बालाघाट में 6 मई को हुई तरुण लिल्हारे की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला महज एक हादसा नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग के चलते रची गई हत्या की साजिश का निकला। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने हत्या के बाद इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक तरुण लिल्हारे और सविता लिल्हारे के बीच पिछले पांच-छह वर्षों से प्रेम संबंध थे। 5 मई को सविता की शादी थी। उसने तरुण को इंस्टाग्राम वीडियो कॉल कर मिलने बुलाया और कहा कि यदि वह आएगा, तो वह यह शादी तोड़कर उससे विवाह कर लेगी। जैसे ही तरुण मिलने पहुंचा, वहां पहले से मौजूद सविता के भाइयों ने उसे दबोच लिया। नहर के पास मारपीट और हत्या तरुण को पकड़ने के बाद सविता के भाई वेदप्रकाश और हरिप्रकाश उसे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों—दिलीप लिल्हारे, कमलकिशोर लिल्हारे और योगेश वरकड़े के साथ पास की एक नहर के पास ले गए। वहां इन पांचों ने मिलकर तरुण के साथ लाठी-डंडों, लात-घूसों से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे की शक्ल देने की नाकाम कोशिश हत्या के बाद अपनी साजिश को छिपाने के लिए आरोपियों ने तरुण के शव को उसकी अपनी ही बाइक पर लादा और गर्राबोड़ी क्षेत्र में ले जाकर इस तरह फेंक दिया जिससे लगे कि उसकी मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। हालांकि, पुलिस को मौके की जांच में संदेह हुआ और जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने आरोपियों की पोल खोल दी। पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी रामपायली पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच करते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में परिवार के कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। यदि किसी और का नाम सामने आता है, तो उस पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0