बाइक ट्रॉली से टकराई,बाजार से लौट रहे मां-बेटे की मौत:हरदा में भांजे को भी चोट; 19 अप्रैल को शादी थी, खरीदारी करने गए थे

Apr 15, 2026 - 08:18
 0  0
बाइक ट्रॉली से टकराई,बाजार से लौट रहे मां-बेटे की मौत:हरदा में भांजे को भी चोट; 19 अप्रैल को शादी थी, खरीदारी करने गए थे
हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में ग्राम मांगरूल नाके के पास मंगलवार रात शादी की खरीदारी कर लौट रहे बाइक सवार मां-बेटे की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर में मौत हो गई। हादसे में उनके साथ मौजूद 12 वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान ग्राम ऊंचांन निवासी अभिषेक कीर (21) और उनकी मां नर्मदी बाई (45) के रूप में हुई। अभिषेक की 19 अप्रैल को बारात जानी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवा दिया। घायल भांजे को भोपाल रेफर करने की सलाह दी गई। पाइप खाली कर लौट रहे ट्रैक्टर से टक्कर जानकारी के अनुसार, ग्राम ऊंचांन निवासी अभिषेक अपनी मां नर्मदी बाई और 12 वर्षीय भांजे शुभम कीर के साथ शादी की खरीदारी करने हरदा गए थे। मंगलवार रात सवा आठ बजे तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे। ग्राम मांगरूल नाके पर वन विभाग चौकी के पास पाइप खाली कर हंडिया जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। टक्कर में नर्मदी बाई और अभिषेक के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। भांजे शुभम की नाक में गंभीर चोट आई। 17 अप्रैल को माता पूजन का कार्यक्रम था हादसे के बाद तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई भगवानसिंह कीर ने बताया कि अभिषेक की 19 अप्रैल को ग्राम गडरापुर में बारात जानी थी। 17 अप्रैल को माता पूजन और 18 अप्रैल को मंडप का कार्यक्रम था। अभिषेक दो भाइयों में छोटा था और उसकी तीन बहनें हैं। उसके पिता कुछ सालों से मानसिक रूप से बीमार हैं । उन्हें सुनाई भी नहीं देता। मॉर्चुरी में रखे गए शव, आज होगा पोस्टमॉर्टम पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल भांजे शुभम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे भोपाल रेफर करने की सलाह दी गई है। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है और बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0