बुरहानपुर में निगम का नया भवन बनेगा:महापौर पटेल ने चौराहों के सौंदर्यीकरण के भी दिए निर्देश
बुरहानपुर में बुधवार शाम महापौर माधुरी अतुल पटेल ने नगर निगम सभागार में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसकी निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर कार्य तत्काल शुरू किया जाए। इसके अतिरिक्त, शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण और उन्नयन पर भी विशेष जोर दिया गया। महापौर ने जीजा माता चौराहा, शिकारपुर थाने के पास स्थित चौराहा, सिंधी बस्ती चौराहा और गणपति थाना चौराहे के उन्नयन कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नाला चैनलाइजेशन कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नाला सुधार और चैनलाइजेशन कार्य वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। महापौर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया। इस बैठक में पूर्व महापौर अतुल पटेल, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, सहायक आयुक्त रितेश पाटीदार, लेखा अधिकारी विक्रम पोरवाल, सहायक यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी, जन संपर्क अधिकारी हरिश मोरे, निगम सचिव संजय शाह और गणेश पाटिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0