सतना-मानिकपुर सेक्शन में मालगाड़ी का कपलर टूटा:दो हिस्सों में बंटी, मुंबई-हावड़ा ट्रैक 1.5 घंटे रहा ठप; 7 ट्रेनें प्रभावित

Apr 6, 2026 - 09:46
 0  0
सतना-मानिकपुर सेक्शन में मालगाड़ी का कपलर टूटा:दो हिस्सों में बंटी, मुंबई-हावड़ा ट्रैक 1.5 घंटे रहा ठप; 7 ट्रेनें प्रभावित
मुंबई-हावड़ा रेलखंड पर सतना से पीसीएमआर क्लिंकर लेकर जा रही एक मालगाड़ी रविवार शाम 6:05 बजे बांसा पहाड़ और मानिकपुर स्टेशन के बीच कपलर टूटने से दो हिस्सों में बंट गई। इस घटना के कारण अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे 7 से अधिक यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने दूसरा इंजन भेजकर मालगाड़ी के शेष डिब्बों को वापस बांसा पहाड़ स्टेशन पहुंचाया, जिसके बाद लाइन क्लियर कर रेल परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। वहीं, सतना से सीएंडडब्ल्यू (CW) का स्टाफ नया कपलर लेकर बांसा पहाड़ के लिए रवाना हो गया है। लूप लाइन से मेनलाइन जाते समय टूटा कपलर जानकारी के अनुसार, यह घटना शाम 6 बजकर 5 मिनट पर तब हुई, जब मालगाड़ी बांसा पहाड़ स्टेशन की लूप लाइन से मेनलाइन में जा रही थी। क्रासिंग के पास अचानक कपलर टूट गया। इसके चलते इंजन समेत मालगाड़ी के कुछ डिब्बे मानिकपुर स्टेशन पहुंच गए, जबकि दूसरा हिस्सा बांसा पहाड़ स्टेशन के पास ही छूट गया। लोकोपायलट और ट्रेन मैनेजर ने तत्काल घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी। दूसरा इंजन भेजकर ट्रैक कराया क्लियर अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में दूसरा इंजन भेजा गया। इस इंजन की मदद से मालगाड़ी के शेष डिब्बों को पीछे से खींचकर बांसा पहाड़ स्टेशन लाया गया। ट्रैक से डिब्बे हटने और लाइन क्लियर होने के बाद ही रेल परिचालन फिर से शुरू हो सका। इसके साथ ही, सीएंडडब्ल्यू का स्टाफ कपलर सुधारने के लिए सतना से बांसा पहाड़ स्टेशन के लिए रवाना हुआ। सारनाथ और काशी एक्सप्रेस सहित ये 7 ट्रेनें हुईं प्रभावित बांसा पहाड़ और मानिकपुर स्टेशन के बीच मालगाड़ी का कपलर टूटने से अप और डाउन लाइन पर लगभग डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का परिचालन ठप रहा। इससे 7 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं। प्रभावित ट्रेनों में अप लाइन की छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस और पाटलीपुत्र-एलटीटी सुपरफास्ट शामिल हैं। वहीं, डाउन लाइन की ओर जाने वाली पुणे-सुपौल, सीएसएमटी-कोलकाता मुंबई मेल, पुणे-दानापुर और देवलाली-दानापुर एक्सप्रेस के साथ-साथ अन्य मालगाड़ियां भी प्रभावित हुई हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0