जवारे विसर्जन से लौट रहे लोगों पर हमला:सतना में बदमाशों ने लाठी-डंडों से की मारपीट; 9 घायल, आक्रोश में सड़क पर उतरे श्रद्धालु
सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर चौकी के पास साइडिंग में जवारे विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर बुधवार देर रात हमला हुआ। अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट की, जिसमें 8-9 लोग घायल हो गए, एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी है। घटना के विरोध में पीड़ितों ने आधी रात को थाने के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, शहर के टिकुरिया टोला क्षेत्र स्थित बाईपास दुर्गा मंदिर से करीब 50 लोग जवारे लेकर भरजुना देवी मां की प्रतिमा में अर्पित करने गए थे। इसके बाद मंदिर के पास एक तालाब में जवारे का विसर्जन किया गया। विसर्जन के बाद, बुधवार रात करीब 11 बजे सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और कार में सवार होकर टिकुरिया टोला स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान साइडिंग के पास कुछ व्यक्तियों ने उनके वाहनों को रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू की
जब महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने वाहनों में भी तोड़फोड़ की। इस हमले में 8 से 9 लोग घायल हुए, जिनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। किसी तरह अपनी जान बचाकर सभी लोग कोलगवां थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। कुछ लोगों को हमलावरों ने बंधक बनाने का भी प्रयास किया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और अन्य मौजूद लोगों को थाने ले आई। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। नाराज लोगों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
घटना से नाराज लोगों ने थाने में हंगामा किया और बाद में थाने के बाहर सड़क पर चक्का जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान कोलगवां थाने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और समझाइश दी, जिसके बाद चक्का जाम हटा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देखें तीन तस्वीरें घायलों में देवनारायण दहिया 57 वर्ष को सिर पर गंभीर चोट आई है जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा 2 लोगों के हाथ एवं पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। जिन्हें शहर के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0