रात में मौसम ने ली करवट, सर्द हवाएं बही:बूंदाबांदी के बाद बादल थमे, सुबह से निकली हल्की धूप

Mar 31, 2026 - 10:09
 0  0
रात में मौसम ने ली करवट, सर्द हवाएं बही:बूंदाबांदी के बाद बादल थमे, सुबह से निकली हल्की धूप
भिंड जिले में अचानक मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार देर शाम से शुरू हुआ बदलाव रात तक जारी रहा, जहां हल्की बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं। हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, लेकिन आसमान में घने बादल छाए रहे और मौसम में ठंडक घुल गई। मंगलवार सुबह मौसम साफ तो हुआ, लेकिन धूप हल्की और नरम रही। हवाएं 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं, जिससे ठंडक का एहसास बना रहा। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस था, वह घटकर 35 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से गिरकर 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों खेतों में सरसों, चना और मसूर की फसल की थ्रेसिंग का कार्य चल रहा है, जबकि गेहूं की फसल पूरी तरह पककर कटाई के लिए तैयार है। किसान फसल समेटने में जुटे हैं, लेकिन ऐसे समय में मौसम की बेरुखी उन्हें परेशान कर रही है। किसानों का कहना है कि पूरे साल की मेहनत के बाद जब फसल घर लाने का समय आया, तभी मौसम ने करवट ले ली। यदि बारिश या तेज हवा का असर बढ़ता है, तो खड़ी और कटी फसल को नुकसान हो सकता है, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिरने की आशंका है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी एक से दो दिन तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जिससे किसानों की चिंता फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0