नीमच में कलेक्शन कर्मचारी से 4 लाख की लूट:पुराने साथी ने चाकू से हमला कर वारदात को अंजाम दिया

Mar 25, 2026 - 20:45
 0  0
नीमच में कलेक्शन कर्मचारी से 4 लाख की लूट:पुराने साथी ने चाकू से हमला कर वारदात को अंजाम दिया
नीमच में बुधवार को कलेक्शन कर्मचारी अकरम (28) पर उसके पुराने साथी राधेश्याम ने चाकू और पत्थरों से हमला कर करीब 4 लाख रुपए लूट लिए। यह वारदात सिटी थाना क्षेत्र के मालखेड़ा फंटे और भेरू घाटी के बीच हुई। अकरम पिछले 15 वर्षों से तिरुपति ट्रेडर्स में कलेक्शन कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। वह हर 15 दिन में रतनगढ़-डीकेन क्षेत्र से वसूली के लिए जाता था। बुधवार को भी वह कलेक्शन कर बस से लौट रहा था। आरोपी राधेश्याम पहले तिरुपति ट्रेडर्स में ही काम करता था, लेकिन उसने लगभग 6 महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। रास्ते में राधेश्याम ने अकरम को अपनी बाइक पर बैठाया। उसे नीमच लाने के बहाने राधेश्याम मालखेड़ा फंटे के पास एक सुनसान प्लॉट में ले गया। वहां उसने अकरम पर चाकू से कई वार किए और उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अकरम किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचा। वहां से गुजर रहे टेंपो चालक निलेश शर्मा ने उसे तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही तिरुपति ट्रेडर्स के संचालक महेश सिंहल भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि अकरम उनके परिवार के सदस्य जैसा है। अकरम की गंभीर हालत को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है। सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस नीमच-सिंगोली मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी राधेश्याम की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने यह वारदात सुनियोजित तरीके से की है, क्योंकि उसे अकरम के कलेक्शन रूट और उसके पास मौजूद बड़ी रकम की पूरी जानकारी थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0