झालावाड़ में सांस्कृतिक संध्या में उमड़े लोग:"राजस्थान फेस्टिवल" में लोक कलाकारों ने किया शानदार परफॉर्म

Mar 20, 2026 - 09:11
 0  0
झालावाड़ में सांस्कृतिक संध्या में उमड़े लोग:"राजस्थान फेस्टिवल" में लोक कलाकारों ने किया शानदार परफॉर्म
झालावाड़ में राजस्थान स्थापना दिवस के अवसर पर "राजस्थान फेस्टिवल" के तहत एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। गुरुवार रात भवानी नाट्यशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आमजन ने शिरकत की। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों और कलाकारों ने राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया। ब्लोसम पब्लिक स्कूल के छात्रों ने रामायण का भावपूर्ण वर्णन प्रस्तुत किया। सेंट जोसेफ स्कूल और द किड्स स्कूल, झालावाड़ के बच्चों ने राजस्थानी पैरोडी से दर्शकों का मनोरंजन किया। गणगौर और गैर नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां राबाउमावि मंगलपुरा, झालावाड़ के छात्रों ने "केसरिया बालम", गणगौर और गैर नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इम्मानुअल मिशन स्कूल के बच्चों ने "झालावाड़ के विविध रंग" थीम पर आधारित नृत्य से खूब सराहना बटोरी। महारानी बृजकुंवर स्कूल की राजस्थानी पैरोडी और आवासीय स्कूल झालरापाटन के बच्चों का आदिवासी नृत्य "आदिवासी शेर आया" विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, भवानीमंडी के छात्रों ने देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुति दी, जबकि राउमावि तोपखाना के छात्रों ने गणगौर और जौहर पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तिलक एवं पार्टी ने सहरिया स्वांग किया लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। शाहाबाद (बारां) के तिलक एवं पार्टी ने सहरिया स्वांग प्रस्तुत किया। ग्राम बाघेर (झालावाड़) के महावीर एवं पार्टी ने बिंदोरी नृत्य और बूंदी के महावीर मेहता एवं पार्टी ने भवाई नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कोटा के आकाश योगी एवं पार्टी ने मयूर नृत्य और फूलों की होली की प्रस्तुतियों से लोक-संगीत की सुगंध घोली। कार्यक्रम के अंत में, उपस्थित अतिथियों ने सभी प्रतिभागी कलाकारों और स्कूलों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, एसपी अमित कुमार, आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, एडीएम अनुराग भार्गव, जिला परिषद के सीईओ शंभुदयाल मीणा, एसडीएम अभिषेक चारण, एसडीएम श्रद्धा गोमे और जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूनम रौतेला और नरेंद्र दूबे ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0