14 लाख के आईफोन चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार:रायगढ़ में मोबाइल चोरी कर हुआ था फरार, चलती ट्रेन में घेरकर पुलिस ने पकड़ा

Mar 15, 2026 - 18:37
 0  0
14 लाख के आईफोन चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार:रायगढ़ में मोबाइल चोरी कर हुआ था फरार, चलती ट्रेन में घेरकर पुलिस ने पकड़ा
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी हुई थी। चोर ने अपने मोबाइल की फ्लैश-लाइट जलाकर 16 आईफोन और नकद सहित करीब 14 लाख रुपए चुरा लिए और फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को चलती ट्रेन में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में 9 मार्च की रात चोरी हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने 16 आईफोन और नकद सहित करीब 14 लाख रुपए चोरी होने की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली और साइबर थाना की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और CCTV फुटेज की मदद से संदिग्ध की पहचान की और उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदिग्ध मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा है। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की। चलती ट्रेन में आरोपी को पकड़ा पुलिस टीम तुरंत रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी ट्रेन में बैठकर रायगढ़ की ओर जा रहा था। पुलिस ने चलती ट्रेन में ही उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश चौहान, उम्र 19 साल, निवासी ग्राम कलमी बताया। उसने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना भी स्वीकार किया। दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर भीतर घुसा आरोपी ने बताया कि उसने जनवरी में अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की थी। उसने बताया कि वह दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी से ऊपर चढ़ा, दूसरी मंजिल का लॉक तोड़ा और दुकान में घुस गया। वहां उसने शोकेस में रखे 16 आईफोन एक काले रंग के बैग में भर लिए। इसके बाद काउंटर से नकदी भी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया। आरोपियों के पास से आईफोन जब्त पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान से चोरी किए हुए 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं उसका साथी लकेश्वर चंद्रा, 21 साल, निवासी सोनूमुड़ा के पास से चोरी का एक आईफोन भी बरामद हुआ और उसे भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा। इसके साथ ही चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पहले के चोरी के मामले में आरोपी को अलग से पुलिस रिमांड पर लेकर आगे कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वाले आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस तकनीकी साक्ष्य और कड़ी कार्रवाई के जरिए ऐसे अपराधों का जल्दी खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0