रायसेन कलेक्टर ने एसपी संग गैस एजेंसियों का किया निरीक्षण:संचालकों को दी LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के निर्देश

Mar 13, 2026 - 10:39
 0  0
रायसेन कलेक्टर ने एसपी संग गैस एजेंसियों का किया निरीक्षण:संचालकों को दी LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के निर्देश
रायसेन में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। गुरुवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के साथ जिले की कई गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई इजरायल‑ईरान युद्ध के बीच कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर रोक के बाद उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगने और संभावित कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए की गई। निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं से की बातचीत निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने गैस एजेंसी संचालकों से गैस सिलेंडरों के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने वहां मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को भी समझा। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों और गोदामों का निरीक्षण करें और किसी भी स्थिति में कालाबाजारी न होने दें। सुल्तानपुर, बाड़ी और बरेली की एजेंसियों का किया दौरा कलेक्टर ने सुल्तानपुर, बाड़ी और बरेली स्थित एलपीजी गैस एजेंसियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी बिल्कुल भी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और गैस कंपनियों से होने वाली नियमित आपूर्ति के बारे में भी जानकारी ली। सभी एजेंसियों में पर्याप्त गैस सिलेंडर उपलब्ध जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी राजू कातुलकर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश के बाद सभी एसडीएम और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का भौतिक निरीक्षण किया है।उन्होंने बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं के कनेक्शन और दैनिक बुकिंग के अनुसार पर्याप्त मात्रा में भरे हुए गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को गैस देने के निर्देश प्रशासन की ओर से सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बुकिंग के आधार पर प्राथमिकता क्रम में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर (रिफिल) उपलब्ध कराएं। जिले के सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील प्रशासन ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद उपलब्धता के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर घर पर ही उपलब्ध कराए जाएंगे। उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाने की भी सलाह दी गई है। कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0