उज्जैन के प्रसिद्ध चिंतामन गणेश की दूसरी जत्रा आज:पंचामृत पूजन के बाद 56 भोग लगा, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

Mar 11, 2026 - 13:54
 0  0
उज्जैन के प्रसिद्ध चिंतामन गणेश की दूसरी जत्रा आज:पंचामृत पूजन के बाद 56 भोग लगा, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
श्री चिंतामन गणेश मंदिर में चैत्र मास के दौरान आयोजित होने वाली पारंपरिक जत्रा के तहत बुधवार को दूसरी जत्रा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। इस साल कुल पांच जत्राएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें आने वाले तीन बुधवार को भी जत्रा का आयोजन होगा। सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के साथ भगवान श्री गणेश का पंचामृत अभिषेक किया गया और उनका भव्य श्रृंगार किया गया। जत्रा को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। अनुमान है कि देर शाम शयन आरती तक हजारों भक्त दर्शन के लिए पहुंचेंगे। पंडित गणेश गुरु ने बताया कि चैत्र माह की दूसरी जत्रा पर किसान नया धान लेकर भगवान गणपति को अर्पित करने पहुंचे। किसान मंदिर में अर्पित किया हुआ धान घर ले जाकर रखते हैं। जत्रा के क्रम में मंदिर में पंचामृत पूजन, अभिषेक और भगवान को 56 भोग अर्पित किया गया। जत्रा से जुड़ी मान्यताएं मंदिर के पुजारी जयंत शर्मा के अनुसार चैत्र मास की शाही जत्रा में श्रद्धालु भगवान चिंतामन गणेश के दरबार में अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। मान्यता है कि इस दिन की गई प्रार्थना अवश्य फल देती है। एक और मान्यता के अनुसार इस समय क्षेत्र में गेहूं और चने की फसल पककर तैयार हो जाती है। किसान अपनी नई उपज को बेचने से पहले भगवान को समर्पित करते हैं और इसी विश्वास के साथ जत्रा में भाग लेते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0