दबंगों ने देवर-भाभी को पीटा, महिला से छेड़छाड़:पुलिस पर FIR न लिखने का आरोप, SP से लगाई गुहार

Mar 11, 2026 - 13:54
 0  0
दबंगों ने देवर-भाभी को पीटा, महिला से छेड़छाड़:पुलिस पर FIR न लिखने का आरोप, SP से लगाई गुहार
पन्ना जिले के अजयगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम सानगुरैया में एक महिला और उसके देवर के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए बुधवार, 11 मार्च को पुलिस अधीक्षक पन्ना से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायती पत्र के अनुसार, यह घटना 5 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे हुई। पीड़िता वर्षा राजपूत ने बताया कि गांव के भगवानदास, बसंतलाल, हुकमा और रामकिशोर ने शराब के नशे में उनके घर में घुसकर हंगामा किया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए वर्षा और उनके देवर संतू के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उसे जमीन पर पटक दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी भगवानदास, जो रिश्ते में उसका चाचा ससुर है, अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता है। आवेदन में बताया गया है कि भगवानदास कोर्ट में चपरासी के पद पर कार्यरत है। अपनी पहुंच का धौंस दिखाते हुए भगवानदास कहता है कि 'मेरी पहुंच थाने और कोर्ट तक है, तुम्हारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा'। महिला ने बताया कि जब उसका पति और देवर मजदूरी के लिए बाहर जाते हैं, तब आरोपी उसे अकेला पाकर परेशान करता है। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। पीड़िता का कहना है कि जब वह अपने देवर के साथ चौकी वीरा, थाना अजयगढ़ रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची, तो पुलिसकर्मियों ने FIR लिखने से इनकार कर दिया और उन्हें थाने से भगा दिया। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से हताश होकर पीड़िता ने पन्ना जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन दिया है। इसमें चार नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0