राजगढ़ के खिलचीपुर में 'नारी सम्मान दिवस':बाल विवाह रोकने वाली महिलाएं सम्मानित; रंग पंचमी के कारण सोमवार को हुआ आयोजन

Mar 9, 2026 - 18:21
 0  0
राजगढ़ के खिलचीपुर में 'नारी सम्मान दिवस':बाल विवाह रोकने वाली महिलाएं सम्मानित; रंग पंचमी के कारण सोमवार को हुआ आयोजन
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर स्थित नगर परिषद के सामुदायिक भवन में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर "बाल विवाह मुक्त भारत- नारी सम्मान दिवस" कार्यक्रम आयोजित किया गया। अहिंसा वेलफेयर सोसायटी और महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में बाल विवाह रोकने के लिए जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को 'नारी सम्मान' से नवाजा गया और उपस्थित लोगों ने इस कुरीति को खत्म करने की शपथ ली। रंग पंचमी का त्योहार होने के कारण यह आयोजन एक दिन बाद संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन अहिंसा वेलफेयर सोसायटी के प्रोजेक्ट मैनेजर नरेंद्र व्यास ने किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर परिषद, पुलिस विभाग के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सोसायटी की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने कहा- तुरंत दें प्रशासन को सूचना कार्यक्रम में सीडीपीओ प्रतिभा साहू ने बाल विवाह को बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय बताया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और समाज के सदस्यों से अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें। नगर परिषद के सीएमओ देवनारायण दांगी ने कहा कि समाज की सोच में बदलाव के बिना बाल विवाह जैसी कुरीतियों का अंत संभव नहीं है। पुलिस विभाग की एसआई भूरी भील ने महिलाओं को शिक्षा और जागरूकता से सशक्त बनने पर जोर दिया। वहीं, पुलिस विभाग की कुसुमलता ने झगड़ा नातरा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। कार्यक्रम का मुख्य संदेश यह था कि जागरूकता और सामूहिक प्रयास ही इसे रोकने के प्रभावी हथियार हैं। 2 सुपरवाइजर और 3 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हुईं सम्मानित इस अवसर पर बाल विवाह रोकथाम में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के खिलचीपुर ब्लॉक से सुपरवाइजर संतोष चौहान और अन्नु भिलाला को सम्मानित किया गया। इनके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ज्योति शर्मा, एकता शर्मा और सविता वाल्मीकि को भी मंच पर बुलाकर "नारी सम्मान" से नवाजा गया। सभी ने ली बाल विवाह खत्म करने की शपथ कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं ने बाल विवाह जैसी कुरीति को समाज से पूरी तरह खत्म करने की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि क्षेत्र में कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर वे तत्काल उसकी रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। देखिए कार्यक्रम की तस्वीरें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0