रतलाम में नवविवाहिता ने फांसी लगाई, मौत:पति घर बाहर से लॉक कर चाची के तीसरे में गया था; लौटकर देखा तो फंदे पर मिली
रतलाम के पीएनटी कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका का नाम आरजू (32) है। घटना के समय पति शमशुद्दीन शेख घर पर नहीं था। वह घर पर बाहर से ताला लगाकर अपनी चाची के निधन के बाद आयोजित 'तीसरा' कार्यक्रम में गया था। दोपहर करीब 12.15 बजे जब वह लौटा और ताला खोलकर अंदर गया, तो पत्नी पंखे से लटकी मिली। शमशुद्दीन ने तुरंत पड़ोसियों को बताया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और औद्योगिक क्षेत्र थाने के सब इंस्पेक्टर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को मेडिकल कॉलेज भेजा। शाम 5.30 बजे मृतिका के पिता और अन्य परिजन पहुंचे, जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। मामला नवविवाहिता की मौत का होने के कारण नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडेय भी मौके पर मौजूद रहे। पति बोला- तबीयत खराब होने पर दवा देकर गया था सब इंस्पेक्टर अशोक दीक्षित के अनुसार, पूछताछ में पति ने बताया कि वह सुबह 6.30 बजे घर पर ताला लगाकर गया था। सुबह 9.30 बजे पत्नी ने फोन कर उसे बुलाने (ले जाने) के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद सुबह 11.30 बजे पति ने दो बार कॉल किया, लेकिन आरजू ने रिसीव नहीं किया। वहीं, पति का कहना है कि सुबह 9.30 बजे पत्नी का फोन आया था और उसने तबीयत खराब होने की बात कही थी। तब वह घर आया और दवा देकर वापस चला गया। जब दोपहर में लौटा तो वह फंदे पर लटकी मिली। उसने बताया कि उनके बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था। पति ऑटो डील का काम करता है। दोनों की थी दूसरी शादी, 6 महीने पहले हुआ था निकाह शमशुद्दीन और आरजू दोनों की यह दूसरी शादी थी। उनका निकाह 15 अगस्त 2025 को हुआ था। शमशुद्दीन की पहली शादी 2007 में कानपुर निवासी कुदसिया बानो से हुई थी। शादी के बाद वे दुबई रहते थे। माता-पिता की तबीयत ठीक नहीं होने पर शमशुद्दीन रतलाम आ गया, लेकिन पत्नी साथ नहीं आई। पहली पत्नी से दो बेटियां (17 और 10 साल) हैं, जो कानपुर में ननिहाल में रहती हैं। शमशुद्दीन ने पत्नी को बुलाने के लिए और बाद में तलाक के लिए कोर्ट में आवेदन दिया था, जो स्वीकार नहीं हुआ। वहीं, आरजू की पहली शादी राजगढ़ में हुई थी। पहले पति से 8-10 साल अलग रहने के बाद चार साल पहले उसका तलाक हो गया था। एफएसएल टीम ने की जांच सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि महिला की कुछ माह पूर्व शादी हुई थी। घटना के समय पति घर पर नहीं था। नवविवाहिता होने पर एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है। मृतिका के परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है। मर्ग कायम कर घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0