नारनौल में तेंदुए को लेकर दहशत बरकरार:घर में घुसने से बढ़ी चिंता, ग्रामीणों और प्रशासन के दावों में विरोधाभास
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में तीन दिन पूर्व दिखाई दिया तेंदुआ अब ग्रामीणों और प्रशासन दोनों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। जहां एक ओर ग्रामीणों का दावा है कि तेंदुआ अभी भी गांव के आसपास मौजूद है और लगातार नजर आ रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि गांव में फिलहाल तेंदुए की कोई मौजूदगी नहीं है और ग्रामीणों को घबराने की जरूरत नहीं है। बीते गुरुवार की रात नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव दताल में ग्रामीणों ने खेतों की ओर तेंदुआ देखने का दावा किया था। इस संबंध में दैनिक भास्कर डिजिटल में भी समाचार प्रकाशित हुआ था, जिसके बाद वाइल्ड लाइफ व वन विभाग और प्रशासन हरकत में आया था। हालांकि अब तीन दिन बीतने के बावजूद तेंदुए को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। ग्रामीणा बोले- घर के अंदर घुस आया सोमवार को ग्रामीणों की दहशत उस समय और बढ़ गई, जब गांव के ही राजाराम नामक व्यक्ति ने दावा किया कि तेंदुआ उसके घर के अंदर घुस आया। राजाराम ने बताया कि तेंदुआ उसके घर में घुसा था और यदि समय रहते ध्यान न दिया जाता, तो पशुओं को नुकसान पहुंच सकता था। इससे पहले भी तेंदुआ खेतों के बीच से गुजरता हुआ दिखाई दिया था, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। पंच समिति चेयरमैन भी पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पंचायत समिति चेयरमैन कर्मपाल यादव, गांव के सरपंच जिलेसिंह सहित रोहताश, अनिल, सचिन, विकास और सुरेन्द्र सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेंदुए को पकड़ने या गांव से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है। दिखाई दिए पांवों के निशान ग्रामीण रोहताश व राजाराम ने बताया कि उन्होंने गांव में कई जगह तेंदुए के पांवों के निशान देखे हैं। उन्होंने कहा कि इसके आधार पर भी ग्रामीणों का दावा सही है कि गांव में तेंदुआ मौजूद है। अभी स्पष्ट सबूत नहीं वहीं वन विभाग की ओर से वाइल्ड लाइफ इंस्पेक्टर चरण सिंह ने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि दो कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है, जो तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि करने के लिए सर्च अभियान चला रहे हैं। अभी तक तेंदुए के पैरों के निशान या कोई अन्य स्पष्ट सबूत नहीं मिला हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे डरे नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। दोनों में विरोधाभाष फिलहाल तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के दावों में विरोधाभास बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार हैं, जबकि ग्रामीण तब तक आश्वस्त नहीं हैं, जब तक तेंदुए की स्पष्ट पुष्टि या पकड़ में नहीं हो जाता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0