बुरहानपुर में 26 जनवरी का मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में:कलेक्टर-एसपी ने फाइनल परेड रिहर्सल में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Jan 24, 2026 - 16:48
 0  0
बुरहानपुर में 26 जनवरी का मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में:कलेक्टर-एसपी ने फाइनल परेड रिहर्सल में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बुरहानपुर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित होगा। इसकी तैयारियों के तहत शनिवार दोपहर कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार पाटीदार ने नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं और फाइनल रिहर्सल का जायजा लिया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय सलामी, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इसी क्रम में शनिवार को स्टेडियम ग्राउंड में गणतंत्र दिवस परेड का अंतिम रिहर्सल संपन्न हुआ। कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने राष्ट्रीय सलामी के बाद फाइनल परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न प्लाटूनों का भी जायजा लिया। गणतंत्र दिवस परेड पुलिस प्लाटून बैंड की धुन पर संपन्न हुई। इसके बाद विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने संगीत और नृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलेक्टर और एसपी ने परेड कमांडर, समस्त प्लाटून कमांडरों और उपस्थित बल को निर्धारित साफ गणवेश, पंक्तिबद्ध मार्च, कमांड और हर्ष फायरिंग के लिए दिशा-निर्देश दिए। व्यवस्थाएं सुचारु रूप से करने के निर्देश अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अफसरों को व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने यातायात प्रभारी और संबंधित अधिकारियों को गणतंत्र दिवस के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न होने देने के लिए भी निर्देशित किया। गणतंत्र दिवस फाइनल रिहर्सल परेड की कमान यातायात सूबेदार नागेंद्र सिंह ठाकुर ने संभाली, जबकि सेकंड इन कमांडर सूबेदार दीपाली यादव रहीं। परेड रिहर्सल में जिला पुलिस बल बुरहानपुर, विशेष सशस्त्र बल कंपनी, पुलिस बैंड प्लाटून, नगर सैनिक बल, शौर्य दल, फॉरेस्ट, एनसीसी और स्काउट सहित विभिन्न प्लाटूनों ने भाग लिया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतरसिंह कनेश सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0