सहारनपुर में युवक से 7 लाख की धोखाधड़ी:मकान बिकवाने के नाम पर हुई ठगी, पैसा मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र से धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। छुटमलपुर मुस्लिम कॉलोनी निवासी अब्दुल कुद्दूस पुत्र अब्दुल मजीद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि मकान बिक्री के नाम पर उनसे 7 लाख रुपए हड़प लिए गए और पैसे मांगने पर उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित के अनुसार, आरोपी नुसरत पत्नी गुलबहार और नमरा रोशनी पुत्री गुलबहार पूर्व में मुस्लिम कॉलोनी छुटमलपुर की निवासी थीं। उनके मकान का खसरा नंबर 139, क्षेत्रफल 46.67 वर्ग गज बताया गया, जिसका दानपत्र 28 अगस्त 2023 को गुलबहार द्वारा अपनी पत्नी नुसरत के नाम उपनिबंधक बेहट कार्यालय में पंजीकृत कराया गया था। पड़ोसी रमजानी के माध्यम से यह मकान बिकाऊ होने की जानकारी मिली, जिसके बाद 8 अक्टूबर 2023 को 14.40 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। आरोप है कि सौदे के तहत 10 हजार रुपए फोन-पे के जरिए और 11 अक्टूबर 2023 को 4.90 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से दिए गए। इस तरह 5 लाख रुपए बतौर बयाना अदा किए गए। बाद में नवंबर 2024 में विपक्षियों ने अपनी मजबूरी बताकर 2 लाख रुपये नकद और ले लिए। कुल मिलाकर 7 लाख रुपए देने के बावजूद न तो बैनामा कराया गया और न ही मकान का कब्जा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने कब्जा लेने का प्रयास किया तो विपक्षियों के अन्य परिजनों ने मकान पर अपना कब्जा बताते हुए साफ इनकार कर दिया। पंचायत में जनवरी 2025 तक रकम लौटाने का वादा किया गया, लेकिन इसके बावजूद पैसे वापस नहीं किए गए। आरोप है कि 31 अगस्त 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे जब पीड़ित अपने साथियों असलम और आस मोहम्मद के साथ गोल्डन पैलेस, 62 फुटा रोड स्थित विपक्षियों के घर पैसे मांगने गया, तो वहां मौजूद विपक्षियों और दो अज्ञात लोगों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित को धक्के देकर घर से निकाल दिया गया और दोबारा आने पर काटकर दफनाने की धमकी दी गई। पीड़ित ने मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाते हुए थाना कुतुबशेर में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0