इंदौर में नौवीं के छात्र को चाकू मारा:दोस्तों के साथ मोबाइल पर खेल रहा था गेम, आरोपी ने किए तीन वार; पुलिस जांच में जुटी

Jan 2, 2026 - 16:07
 0  0
इंदौर में नौवीं के छात्र को चाकू मारा:दोस्तों के साथ मोबाइल पर खेल रहा था गेम, आरोपी ने किए तीन वार; पुलिस जांच में जुटी
जूनी इंदौर क्षेत्र में गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे नौवीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल छात्र की पहचान आलोक मंगरोलिया निवासी जबरन कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आलोक पढ़ाई के साथ वेटलिफ्टिंग भी करता है। घटना के समय आलोक अपने दोस्तों अज्जू और नटू के साथ बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। तभी वहां गोविंद नाम का युवक आया और गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू निकालकर आलोक पर तीन वार कर दिए। चाकू के हमले में आलोक के कंधे, पसली और पीठ में गंभीर चोटें आईं, जिससे काफी खून बहने लगा। वारदात के बाद आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घायल छात्र को दोस्त और परिजन तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर रात में पुलिस अस्पताल पहुंची और आलोक के बयान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मेडिकल पर दवा लेने गए युवक पर हमला चंदन नगर इलाके में भी गुरुवार देर रात चाकूबाजी की घटना सामने आई। पीड़ित फैज नागोरी ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 11 बजे मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गया था। इसी दौरान वहां शहजाद बाबा नाम का युवक आया और उसे धमकाते हुए 5 हजार रुपए की मांग करने लगा। रुपए देने से इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। फैज ने जब खुद को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने मेडिकल पर पड़ी कैंची उठाकर उसके सिर और हाथ पर वार कर दिया। इस दौरान मेडिकल संचालक और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दर्ज की एफआईआर पुलिस ने दोनों मामलों में देर रात एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0