फॉरेन ट्रिप के नाम पर 2 लाख ठगे:सतना से दुबई-मालदीव ले जाने का कहकर रुपए लिए; न बुकिंग की न पैसे लौटाए

Dec 24, 2025 - 16:59
 0  0
फॉरेन ट्रिप के नाम पर 2 लाख ठगे:सतना से दुबई-मालदीव ले जाने का कहकर रुपए लिए; न बुकिंग की न पैसे लौटाए
सतना में हॉलीडे प्लानर राहुल जैन और उनकी पत्नी सैनी जैन पर मालदीव टूर पैकेज के नाम पर 2.05 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। वे पिछले कई दिनों से गायब है। बुधवार को पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि दुकान मालिक ने भी उनकी गुमशुदगी की सूचना सिटी कोतवाली में दी है। शहर के राजेंद्र नगर इलाके में एमपी ऑनलाइन और हॉलीडे प्लान की दुकान चलाने वाले राहुल जैन और उनके परिवार पर आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने मालदीव, दुबई, वियतनाम सहित अन्य स्थानों के टूर पैकेज देने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूली और फिर गायब हो गए। पुष्पराज कॉलोनी निवासी आनंद जैन ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पहचान राहुल जैन और उनकी पत्नी सैनी जैन से जैन समाज के एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। राहुल और सैनी ने खुद को एमपी ऑनलाइन, रेलवे टिकट और हॉलीडे प्लानर बताया था। आनंद जैन ने पहले भी राहुल जैन के माध्यम से टिकट और टूर प्लान बुक कराए थे, जिससे उन पर विश्वास बन गया था। दामाद और बेटी की फॉरेन ट्रिप प्लान कराई इसी विश्वास के चलते आनंद जैन की बेटी आयुषी जैन और दामाद गुरदीप जैन ने मालदीव टूर के लिए राहुल जैन से संपर्क किया। आरोप है कि टूर के पूरे इंतजाम के नाम पर विभिन्न तिथियों में कुल 2,05,000 रुपए ऑनलाइन राहुल जैन को ट्रांसफर किए गए। राहुल जैन ने नवंबर माह के मध्य तक टूर का पूरा विवरण भेजने का आश्वासन दिया था। हालांकि, निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी न तो उन्हें टिकट मिले और न ही होटल या यात्रा से संबंधित कोई अन्य जानकारी दी गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अब राहुल जैन और उनकी पत्नी सैनी जैन संपर्क से बाहर हैं और रकम भी वापस नहीं की जा रही है। कई बार संपर्क करने पर पहले टालमटोल की गई और बाद में फोन उठाना ही बंद कर दिया गया। जब परिजनों ने राहुल जैन की पत्नी से संपर्क किया तो बताया गया कि वह मुंबई गया हुआ है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त रकम का उपयोग राहुल जैन, सैनी जैन और रेखा जैन द्वारा कर लिया गया है। बार-बार पैसे वापस मांगने पर तीनों द्वारा इंकार किया जा रहा है। अन्य लोगों से भी ठगी का आरोप पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित आरोपियों को ट्रांसफर की गई रकम के रिकॉर्ड के आधार पर जांच की जाए, उनके मोबाइल नंबरों की साइबर सेल से जांच कराई जाए और उन्हें देश छोड़कर भागने से रोका जाए। साथ ही ठगी की राशि वापस दिलाने एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस शिकायत की जांच की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही जा रही है। पीड़ित आनंद जैन ने बताया कि टूर पैकेज के नाम पर शहर के कई व्यापारियों के साथ भी धोखाधड़ी हुई है। दुकान मालिक ने दिया गुमशुदगी का आवेदन धोखाधड़ी के मामले में दुकान मालिक ऋषभ सिंह ने भी थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने 19 दिसम्बर को राहुल जैन के लापता होने का आवेदन दिया है। आवेदन के अनुसार उनके बाबा से किराए पर दुकान ली गई थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0