गौरेला के डांड़जमड़ी मिडिल स्कूल में नेवता भोज:कलेक्टर, जिला अधिकारी और बच्चे हुए शामिल; जिले में नए अधिवक्ता कक्ष का उद्घाटन
गौरेला विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला डांड़जमड़ी में 3 दिसंबर को नेवता भोज का आयोजन किया गया। यह नेवता भोज जनपद सीईओ गौरेला शुभा दामोदर मिश्रा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया था। बता दें कि राज्य शासन ने स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत विद्यार्थियों को दिए जाने वाले गर्म भोजन को और अधिक पौष्टिक बनाने के लिए 'नेवता भोज' कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत आमजन और संगठन विशेष अवसरों जैसे राष्ट्रीय पर्व, त्योहार, जन्मदिन या विवाह वर्षगांठ पर स्कूली बच्चों को भोजन करा सकते हैं। ठंड से बचाव के लिए दिए स्वेटर डांड़जमड़ी में आयोजित जनचौपाल के बाद कलेक्टर मंडावी ने आंगनबाड़ी केंद्र और प्रायमरी एवं मिडिल स्कूल का भी अवलोकन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चों की संख्या, उनकी उपस्थिति, गतिविधियों और पोषण आहार की जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों को ठंड से बचाव के लिए अपने हाथों से स्वेटर भी पहनाए। स्कूलों के अवलोकन के दौरान, कलेक्टर ने बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति तथा अध्ययन-अध्यापन के स्तर की जांच की। उन्होंने प्रायमरी स्कूल के बच्चों से पहाड़ा, पर्यावरण अध्ययन और अंग्रेजी की किताबें पढ़वाकर उनके शैक्षिक स्तर का आकलन किया। बच्चों का पढ़ाई-लिखाई का स्तर बहुत अच्छा पाया गया। कलेक्टर ने सभी बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आने और समझ न आने वाले विषयों को शिक्षकों से बार-बार पूछने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों को और अधिक लगन से बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी बच्चों को कॉपी, पेन और चॉकलेट देकर उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीओ फॉरेस्ट गौतम पड़िभार सहित अन्य जिला अधिकारी और स्कूली बच्चे शामिल हुए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीओ फॉरेस्ट गौतम पड़िभार और महिला एवं बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा भी उपस्थित थे। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में नए अधिवक्ता कक्ष का उद्घाटन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के व्यवहार न्यायालय परिसर में नवनिर्मित अधिवक्ता कक्ष का उद्घाटन 3 दिसंबर को संपन्न हुआ। इस अवसर पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची ने फीता काटकर कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। जिला अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष अतुल तिवारी सहित सभी पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। अधिवक्ताओं की लंबित मांग को देखते हुए कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने तत्काल प्रभाव से अधिवक्ता कक्ष और टीन शेड निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की। सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा वहीं, मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची ने सकोला तहसील क्षेत्र में सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की, जिससे उपस्थित लोगों में खुशी का माहौल बन गया। जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अतुल तिवारी ने दोनों विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन घोषणाओं से न केवल अधिवक्ताओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि आम जनता को भी न्यायिक कार्यों में आसानी होगी। कार्यक्रम के अंत में दोनों विधायकों ने अधिवक्ताओं से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को सुना और शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0